Ukraine-Russia Row impact on rupee: रूस के यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू करने की घोषणा के बाद भारत समेत दुनियाभर शेयर बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। वहीं, डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी रुपया भी बेदम हो गया है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया गिरकर 75.14 के स्तर पर आ गया है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट: केडिया एडवाइजरी के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक रुपया की स्थिति और बदतर हो सकती है। भारतीय करेंसी 76.40 रुपए प्रति डॉलर के स्तर को छू सकता है। अजय केडिया का कहना है कि ये रूस और यूक्रेन के टेंशन का असर है। इस वजह से कच्चे तेल के दाम भी 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर चुके हैं। वहीं, भारत के शेयर बाजार ने भी साल की सबसे बड़ी गिरावट देखी है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी करीब 3 प्रतिशत टूट गए।
एक दिन पहले: सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को रुपया 23 पैसे की बढ़त के साथ 74.61 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान रुपया 74.64 प्रति डॉलर पर खुलने के बाद 74.54 के दिन के उच्चस्तर तक गया। इस दौरान यह 74.73 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक भी आया, अंत में रुपया 23 पैसे की बढ़त के साथ 74.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। वहीं, मंगलवार को रुपया 29 पैसे टूटकर 74.84 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।