शेयर बाजार के मिडास टच वाले निवेशक राकेश झुनझुनवाला का निधन हो गया है। फोर्ब्स के मुताबिक झुनझुनवाला का नेटवर्थ 5.8 अरब डॉलर था। कई बार उनकी तुलना अमेरिका के दिग्गज निवेशक वारेन बफे से की जाती थी। उन्हें भारतीय बाजारों का ‘बिग बुल’ भी कहा जाता था। झुनझुनवाला को ये बखूबी पता था कि कब दांव लगाने पर उन्हें तगड़ा रिटर्न मिलेगा। खासतौर पर वह उन मौकों की तलाश करते रहते थे, जब मुनाफा तगड़ा मिल जाए। ऐसा ही एक किस्सा है साल 1990 का।
इस साल राकेश झुनझुनवाला की पत्नी रेखा ने बिग बुल के सामने कमरे में AC की डिमांड रख दी। यह वो दौर था जब AC खरीदना किसी ड्रीम प्रोजेक्ट के पूरा होने जैसा था। तब झुनझुनवाला के पास उतनी रकम नहीं थी, जो थी भी वो शेयर बाजार में झोंक देना पसंद करते थे। हालांकि, आम बजट वाले दिन बिग बुल को 18 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ और उन्होंने पत्नी की डिमांड झटके में पूरी कर दी।
बजट वाले दिन का मुनाफा: दरअसल, केंद्र में सरकार बीपी सिंह की थी। प्रधानमंत्री वीपी सिंह के तत्कालीन वित्त मंत्री मधु दंडवते बजट पेश करने वाले थे। आम लोगों की नजर में मधु दंडवते का बजट नीरस था लेकिन झुनझुनवाला की नजरों में यह बजट शेयर बाजार को बूस्ट देने वाला था। उन्होंने बजट की बारीकियां समझी और मार्केट के माहौल को भांपते हुए 2 करोड़ रुपये दांव लगाए और बजट के दिन ही ये रकम बढ़कर 20 करोड़ रुपये हो गई।
ये पढ़ें-बियर से बिग बुल बनने की कहानी, हर्षद मेहता के दौर में जमाई धाक
जैसे-जैसे वित्त मंत्री बजट पेश कर रहे थे, वैसे ही झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो के स्टॉक्स रॉकेट की तरह भाग रहे थे। इसका असर ये हुआ कि बिग बुल ने सिर्फ एक दिन में 18 करोड़ रुपये मुनाफा कमा लिए।रिकॉर्ड मुनाफा कमाने के बाद अब पत्नी रेखा की AC की डिमांड पूरी करनी थी। इसके बाद झुनझुनवाला जब रात को घर पहुंचे और रेखा से कहा, अपना AC आ गया।