IRCTC Dividend: शेयर बाजार (Stock Market) में अलग-अलग कंपनियों की तरफ से डिविडेंड (Dividend) देने का ऐलान किया जा रहा है। इंडियन रेलवे (Indian Railways) में कैटरिंग सर्विस देने वाली कंपनी आइआरसीटीसी (IRCTC) भी अपने निवेशकों डिविडेंड देने जा रही है। कंपनी की तरफ से 19 अगस्त की तारीख को रिकाॅर्ड डेट तय किया गया है। यानी, बाजार में कंपनी 18 अगस्त को एक्स डिविडेंड हो जाएगी। आइए जानते हैं योग्य इंवेस्टर्स को कितने रुपये का डिविडेंड मिलेगा।
शेयर होल्डर्स को 75% का डिविडेंड देगी कंपनी
कंपनी की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार योग्य शेयरधारकों को 75% का डिविडेंड मिलेगा। 30 मई को कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में तय हुआ था कि 2 रुपये के फेस वैल्यू वाले शेयर पर 1.50 रुपये का डिविडेंड दिया जाएगा। कंपनी ने इसके लिए रिकाॅर्ड डेट (IRCTC Dividend Record Date) 19 अगस्त 2022 तय किया है।
कब होगा IRCTC के डिविडेंड का भुगतान
आइआरसीटीसी ने रेगुलेटरी को दी जानकारी में बताया है कि डिविडेंड का भुगतान कंपनी की तरफ से एनुअल जनरल मीटिंग से 30 दिन के अंदर कर दिया जाएगा। कंपनी की एजीएम 26 अगस्त को होने जा रही है। बता दें, पिछले एक महीने में NSE में आइआरसीटीसी ने अपने निवेशकों 10.51% का रिटर्न दिया है। मंगलवार को कंपनी के शेयर 667.50 रुपये पर बंद हुआ थे।
यह भी पढ़ें: 20% चढ़ गए क्रैक्स बनाने वाली कंपनी के शेयर, इस वजह से शेयरों में लगा अपर सर्किट
पहली तिमाही में कैसा रहा प्रदर्शन?
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्राॅफिट 198% बढ़कर 242.52 करोड़ रुपये रहा है। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी को 82.52 करोड़ रुपये का नेट प्राॅफिट हुआ था। सेगमेंट के हिसाब से देखें तो सभी बिजनेस में ग्रोथ देखने को मिली है।
क्या होता है रिकाॅर्ड डेट और पेमेंट डेट में फर्क?
रिकाॅर्ड डेट और पेमेंट डेट दोनों एक दूसरे से अलग हैं। रिकाॅर्ड डेट वह तारीख है जिसके आधार पर कंपनी डिविडेंड के लिए शेयरधारकों की योग्यता तय करती है। यानी इस दिन के बाद कंपनी के शेयर खरीदने वाले इंवेस्टर्स को डिविडेंड नहीं मिलेगा। पेमेंट डेट एजीएम के अप्रूवल के बाद तय किया जाता है।
स्टोरी क्रेडिटः लाइव मिंट
(डिस्क्लेमर: यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)