ऐप पर पढ़ें
वायर कंपनी राम रत्न वायर्स (Ram Ratna Wires) के बोर्ड ने IPO के जरिए R R Kabel में 13.64 लाख से अधिक इक्विटी शेयर बेचने की मंजूरी दे दी है। इस खबर के बाद Ram Ratna Wires के शेयर में 6% से ज्यादा की तेजी आई और बीएसई पर भाव 205 रुपये तक पहुंच गया। इस शेयर की पिछली क्लोजिंग 192.25 रुपये थी।
क्या है कंपनी की योजना: Ram Ratna Wires ने नियामक फाइलिंग में बताया- निदेशक मंडल ने RR Kabel के प्रस्तावित आईपीओ में भाग लेकर 13,64,480 इक्विटी शेयरों की पेशकश करके इसमें अपने इक्विटी निवेश की बिक्री के प्रस्ताव पर विचार किया है और इसे मंजूरी दे दी है। बिक्री के लिए पेश किए गए इक्विटी शेयरों का फेस वैल्यू ₹5 है।
IPO के लिए हैं दो तरीके: IPO के लिए दो तरीके होते हैं। इसके तहत नया इश्यू जारी किया जाता है या फिर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए हिस्सेदारी बेची जाती है। फ्रेश इश्यू का मकसद योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी), गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) और खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) जैसे निवेशकों को मौका देने के लिए होता है।
वहीं, OFS वह प्रक्रिया है जिसका उपयोग प्रवर्तकों, शेयरधारकों और निवेशकों द्वारा अपने आईपीओ में संबंधित कंपनी में हिस्सेदारी बेचने के लिए किया जाता है।
कहा जा रहा है कि RR Kabel आईपीओ में राम रत्न की हिस्सेदारी की बिक्री OFS के जरिए होगी। पिछले साल दिसंबर में RR Kabel के एमडी और ग्रुप प्रेसिडेंट गोपाल काबरा ने पीटीआई को बताया था कि कंपनी अगले साल तक आईपीओ लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसके लिए जल्द ही सेबी के साथ प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल करने की योजना है।