दक्षिण भारत का प्रमुख रीजनल ज्वैलर ब्रांड वैभव जेम्स एंड ज्वैलर्स (Vaibhav Gems N’ Jewellers) आईपीओ लाकर फंड जुटाने की तैयारी में है। वैभव ज्वैलर्स ने इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) लाने के लिए कैपिटल मार्केट्स रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेयरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) फाइल किया है। आईपीओ में फ्रेश इक्विटी के तौर पर 210 करोड़ रुपये तक शेयर इश्यू किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर इकाई ग्रैंधी भारत मल्लिका रत्ना कुमारी (HUF) की तरफ से 43 लाख इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी 40 करोड़ रुपये तक के और इक्विटी शेयर जारी करने पर विचार कर सकती है।
8 नए शोरूम खोलने की तैयारी में वैभव ज्वैलर्स
वैभव ज्वैलर्स ने कहा है कि इस प्रक्रिया से जुटाए गए पैसों से वह 12 करोड़ की लागत से 8 नए शोरूम खोलेगी। साथ ही वैभव ज्वैलर्स फाइनेंशियल ईयर 2023–24 में 160 करोड़ रुपये इनवेंटरी खरीदने पर खर्च करेगी। इसके अलावा, जनरल कॉरपोरेट के कामकाज में जुटाए गए फंड का इस्तेमाल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-HDFC Bank की धांसू स्कीम लॉन्च, अब जीरो चार्ज पर मोबाइल से उठा सकेंगे बैंकिंग फैसिलिटी का लाभ
FY22 में कंपनी का रेवेन्यू रहा 1694 करोड़ रुपये
वैभव ज्वैलर्स की शुरुआत साल 1994 में हुई थी। कंपनी का हेडक्वार्टर विशाखापत्तनम में है। वैभव ज्वैलर्स अपने यहां गोल्ड, डायमंड, जेम्स, प्लैटिनम और सिल्वर ज्वैलरी की बड़ी रेंज ऑफर करती है। वैभव ज्वैलर्स का सब-ब्रांड विशेष (Visesha) गोल्ड और डायमंड ज्वैलरी में प्रीमियम सेगमेंट की जरूरतों को पूरा करता है। बजाज कैपिटल और एलारा कैपिटल (इंडिया) लिमिटेड इस ऑफर के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर्स हैं। कंपनी के शेयर बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होंगे। वित्त वर्ष 2022 में ऑपरेशंस से मिलने वाला कंपनी का रेवेन्यू 1694 करोड़ रुपये रहा है।
यह भी पढ़ें-Bitcoin पहुंचा 19000 डॉलर के नीचे, Ether और Dogecoin में भी 8% की गिरावट