ऐप पर पढ़ें
IPO market in 2023: इस साल यानी 2023 में सेंसेक्स और निफ्टी नई ऊंचाई पर पहुंच गए और इनमें लगभग 20 प्रतिशत की तेजी आई। इससे शेयर बाजार के निवेशकों की पूंजी 82 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गई। शेयर बाजार में तेजी के इस रुख के बीच 2023 में कुल 59 आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) आए। इनमें से 55 ने निवेशकों को औसतन 45 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
क्या कहते हैं आंकड़े
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार 2023 का साल आईपीओ निवेशकों के लिए शानदार रहा। इस साल 59 कंपनियां सूचीबद्ध हुईं और उन्होंने 54,000 करोड़ रुपये जुटाते हुए इश्यू प्राइस से औसतन 45 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया। इसका मतलब है कि दो-तिहाई से ज्यादा कंपनियों ने शेयर बाजार से बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस साल आए सभी 59 आईपीओ औसतन 26.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचीबद्ध हुए।
4 आईपीओ को नुकसान
29 दिसंबर तक इन आईपीओ पर रिटर्न लगभग 45 प्रतिशत रहा। 59 में से सिर्फ चार आईपीओ ही 29 दिसंबर को अपने इश्यू प्राइस पर नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे। सूचीबद्ध होने के बाद से 59 में से 23 आईपीओ में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई और उनमें से नौ ने इश्यू प्राइस पर दोगुना से अधिक लाभ दिया।
इरेडा का शानदार परफॉर्मेंस
सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास संस्था लि. (इरेडा) है, जिसने 29 नवंबर को सूचीबद्ध होने के दिन 32 रुपये की इश्यू कीमत पर 221.3 प्रतिशत की बढ़त हासिल की। इरेडा ने 29 दिसंबर तक 204 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। इसके बाद साइंट डीएलएम ने 265 रुपये के इश्यू प्राइस पर 154.5 प्रतिशत और नेटवेब टेक्नोलॉजीज के 500 रुपये के इश्यू प्राइस पर 140.7 प्रतिशत रिटर्न दिया।
टाटा टेक के शेयर
टाटा टेक्नोलॉजीज सूचीबद्ध होने के दिन 500 रुपये के इश्यू प्राइस पर तीन गुना उछाल के साथ दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली कंपनी है और अब भी कंपनी का शेयर इश्यू प्राइस पर 136 प्रतिशत से अधिक ऊपर है। रियल्टी कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल ने 385 रुपये के इश्यू प्राइस पर 128 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।