कोविड-19 की वजह से जिन कुछ सेक्टर को गहरी चोट पहुंची थी। उनमें से एविएशन सेक्टर एक था। लेकिन जैसे-जैसे परिस्ठितियां फिर नॉर्मल हो रही हैं, वैसे-वैसे हवाई सफर करने वालों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिल रही है। सिविल एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया के नए बयान ने अकासा, एयर इंडिया सहित एविएशन सेक्टर की सभी कंपनियों को खुश कर दिया होगा। मंत्री ने कहा कि आने वाले कुछ सालों में यात्रियों की संख्या में तेज इजाफा होगा।
यह भी पढ़ेंः 5 दिन में 56% की उछाल, आज नई ऊंचाईयों पर पहुंचा शेयर का भाव, जानिए मल्टीबैगर स्टॉक में इस तेजी की वजह
सिविल एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को कहा कि भारत में अगले सात से 10 वर्षों में कुल 40 करोड़ से अधिक हवाई यात्री होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू एयरलाइंस के लिए वृद्धि के जबरदस्त अवसर हैं और इन कंपनियों के पास पांच वर्षों में कुल 1,200 विमानों का बेड़ा होने की उम्मीद है।
मंत्री ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या सात से 10 वर्षों में दोगुनी होकर 40 करोड़ होने की उम्मीद है। महामारी से पहले भारत में हवाई यात्रियों की संख्या करीब 20 करोड़ थी। उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में सिंधिया ने कहा कि देश में 2026 तक हेलिपोर्ट और एयरोड्रोम सहित कुल 220 हवाई अड्डे होने का अनुमान है।