टाटा समूह ने एयर इंडिया के साथ एयरएशिया इंडिया और विस्तारा के मर्जर के विकल्प का मूल्यांकन करने के लिए एक कवायद शुरू की है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि एयर इंडिया के अधिकारी आरएस संधू के नेतृत्व में एक दल का गठन किया गया है। यह दल संचालन तालमेल बढ़ाने के लिए मूल्यांकन करेगा।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘एयर इंडिया के सीईओ और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने इस दल का गठन किया है। यह दल एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयरएशिया इंडिया, एयर इंडिया और विस्तारा के बीच बेहतर तालमेल कायम करने के उपायों और विलय के लक्ष्य को हासिल करने के बारे में विचार करेगा।’’
ये पढ़ें-मूनलाइटिंग पर अब एक्शन: Wipro को ‘धोखा’ दे रहे थे 300 कर्मचारी, कंपनी ने नौकरी से निकाला
सूत्र ने कहा कि दल को एक साल के भीतर अपनी योजना सौंपने को कहा गया है। माना जा रहा है कि समूह की योजना एक साल में एयरएशिया इंडिया को एयर इंडिया एक्सप्रेस में मिलाने की है। समूह के सभी एयरलाइन कारोबार को 2024 तक एयर इंडिया के तहत लाने का लक्ष्य है।
टाटा समूह के पास तीन एयरलाइन: बता दें कि टाटा समूह ने इस साल जनवरी में सरकार से एयर इंडिया और इसकी अंतरराष्ट्रीय इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस का नियंत्रण ले लिया था। इसके अलावा एयरएशिया इंडिया में उसकी 83.67 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
शेष 16.33 प्रतिशत हिस्सेदारी मलेशियाई समूह एयरएशिया के पास है। विस्तारा में टाटा संस की हिस्सेदारी 51 प्रतिशत और बाकी 49 प्रतिशत हिस्सेदारी सिंगापुर एयरलाइंस के पास है।