Gautam Adani Latest News: अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। एक बार फिर वह ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स और फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर दोनों लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। बता दें गुरुवार सुबह अडानी फोर्ब्स रियल टाइब बिलेनियर इंडेक्स में तीसरे स्थान पर खिसक गए थे। आज यानी शुक्रवार को एक बार फिर उन्होंने बर्नार्ड अर्नाल्ट को फोर्ब्स की लिस्ट में पछाड़कर अपना दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।
फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स में बुधवार को जहां गौतम अडानी टॉप लूजर रहे वहीं गुरुवार को टॉप गेनर।। उनकी संपत्ति में गुरुवार को 2.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जबकि बर्नार्ड अर्नाल्ट (कुल संपत्ति 149.5 अरब डॉलर) की संपत्ति में 4.5 अरब डॉलर की सेंध लग गई और वह दूसरे से फिर तीसरे स्थान पर आ गए। फोर्ब्स की लिस्ट में पहले नंबर पर 263.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एलन मस्क हैं। गुरुवार को उन्हें 8.3 अरब डॉलर का झटका लगा। दूसरे पर अडानी हैं, इनकी संपत्ति अब 154.7 अरब डॉलर हो गई है।
यह भी पढ़ें: तीसरी बार पिता बनेंगे मार्क जकरबर्ग, इंस्टाग्राम पर शेयर किया प्यारा सा मैसेज
वहीं, ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक अडानी की संपत्ति में गुरुवार को 1.13 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। अब उनकी दौलत 145अरब डॉलर हो गई है। ब्लूमबर्ग की इस लिस्ट में वह दूसरे नंबर पर बने हुए हैं। गुरुवार को एलन मस्क की संपत्ति में 8.31, जेफ बेजोस की संपत्ति में 1.28 अरब डॉलर की कमी हो गई। यहां बर्नार्ड अर्नाल्ट 133 अरब डॉलर के साथ चौथे नंबर पर हैं।