ऐप पर पढ़ें
मामाअर्थ (Mamaearth) की पैरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर का आईपीओ 31 अक्टूबर से खुलने जा रहा है। कंपनी के आईपीओ का प्राइस बैंड 308-324 रुपये है। स्नैपडील के को-फाउंडर्स कुणाल बहल और रोहित बंसल, एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी, मैरिको के ऋषभ हर्ष मारीवाला समेत कई दिग्गजों ने इस कंपनी में पैसा लगाया हुआ है। अब कुछ दिग्गज इनवेस्टर कंपनी में अपने कुछ शेयर बेच रहे हैं। उन्हें होनासा कंज्यूमर में लगाए अपने पैसों पर 100 गुना से ज्यादा तक रिटर्न मिल रहा है। यानी, कंपनी में उनके निवेश की वैल्यू कई गुना बढ़ गई है।
स्नैपडील के को-फाउंडर को 100 गुना से ज्यादा रिटर्न
स्नैपडील के को-फाउंडर्स कुणाल बहल और रोहित बंसल ने साल 2018 में होनासा कंज्यूमर (Honasa Consumer) में पैसे लगाए थे। उन्होंने 3.21 रुपये प्रति शेयर के दाम पर कंपनी के शेयर खरीदे। अब कुणाल और रोहित दोनों ही कंपनी के 1,193,250 शेयर बेच रहे हैं। कुणाल और रोहित को 100 गुना से ज्यादा रिटर्न मिल रहा है। होनासा कंज्यूमर के आईपीओ का सब्सक्रिशन 2 नवंबर 2023 को बंद होगा।
यह भी पढ़ें- 3606 करोड़ के मुनाफे के बाद रॉकेट बने बैंक के शेयर, नई ऊंचाई पर पहुंचे
मारीवाला ने 6 रुपये में खरीदे कंपनी के शेयर
मैरिको के ऋषभ हर्ष मारीवाला ने 6.05 रुपये प्रति शेयर की एवरेज कॉस्ट पर मामाअर्थ की पैरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर के शेयर खरीदे थे। मारीवाला को उनके इनवेस्टमेंट पर 53 गुना रिटर्न मिल रहा है। वहीं, बॉलीवुड की अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने 41.86 रुपये के दाम पर होनासा कंज्यूमर के शेयर खरीदे थे। उन्हें अपने इनवेस्टमेंट पर 8 गुना रिटर्न मिल रहा है। शिल्पा शेट्टी ऑफर फॉर सेल पोर्शन में करीब 1,393,200 शेयर बेच रही हैं। होनासा कंज्यूमर के आईपीओ में 365 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू है और 41.25 मिलियन तक शेयरों का ऑफर फॉर सेल है। आईपीओ के अपर प्राइस बैंड पर कंपनी 1701.44 करोड़ रुपये जुटाएगी।
यह भी पढ़ें- 10 साल के हाई पर है यह एनर्जी शेयर, एक और ऑर्डर मिलते तूफान बना भाव