ऐप पर पढ़ें
भारत के दिग्गज कॉरपोरेट्स- गौतम अडानी समूह, मुकेश अंबानी के रिलायंस के अलावा टाटा समूह ने साल 2022 में कई कंपनियां खरीदी हैं। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी के नेतृत्व वाले अडानी समूह ने अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों का अधिग्रहण किया है। हालांकि, सबसे चर्चित अधिग्रहण अंबुजा और एसीसी सीमेंट का रहा।
6.4 अरब डॉलर की डील: अडानी समूह ने सितंबर महीने में 6.4 अरब डॉलर में अंबुजा सीमेंट और एसीसी के अधिग्रहण का सौदा स्विस निर्माण सामग्री कंपनी होल्सिम के साथ किया। इस अधिग्रहण के बाद सीमेंट क्षेत्र में अडानी समूह, आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट के बाद दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी बन गई। अल्ट्राटेक सीमेंट ने अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखने के लिए लगभग 13,000 करोड़ रुपये की विस्तार योजना की घोषणा की थी।
इस डील के अलावा अडानी समूह के मीडिया कंपनी एनडीटीवी का अधिग्रहण भी काफी चर्चा में रहा। अडानी समूह की झोली में कोहिनूर राइस ब्रांड की कंपनी भी आई तो वहीं इजराइल के हाइफा पोर्ट की बोली भी जीती।
मुकेश अंबानी की डील: अरबपति मुकेश अंबानी की नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 2,850 करोड़ रुपये में जर्मनी की मेट्रो एजी का अधिग्रहण किया। इसमें मेट्रो इंडिया के सभी 31 स्टोर के साथ उसका रियल एस्टेट पोर्टफोलियो भी शामिल था। हालांकि फ्यूचर ग्रुप के खुदरा कारोबार के अधिग्रहण के लिए हुआ 24,713 करोड़ रुपये का सौदा कानूनी विवादों में फंसने के बाद कारगर नहीं हो पाया।
वर्ष की शुरुआत में रिलायंस रिटेल ने रोजमर्रा के उपभोग वाली वस्तुओं (एफएमसीजी) क्षेत्र में प्रवेश की घोषणा की थी। इसने कुछ अन्य ब्रांडों के अलावा घरेलू शीतल पेय ब्रांड कैम्पा का भी अधिग्रहण किया। इसने अनाज, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ एवं अन्य दैनिक उपभोग वाले उत्पादों के लिए खुद का ब्रांड भी पेश किया। रिलायंस रिटेल ने लोट्स चॉकलेट कंपनी के अधिग्रहण का भी ऐलान किया है।
-टाटा समूह ने इस साल जनवरी महीने में एयरलाइन कंपनी एयरइंडिया का अधिग्रहण किया। इसके अलावा अपने सभी ब्रांडों को एक मंच पर लाते हुए अपना सुपर ऐप-टाटा न्यू पेश किया। इस ऐप के जरिये समूह अमेजन और फ्लिपकार्ट के प्रभुत्व वाले घरेलू ई-कॉमर्स क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाना चाहता है। टाटा ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों ने कई अहम डील की।