क्रिप्टोकरेंसी निवेशकों के लिए बुरी खबर है। लंबे समय बाद ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप 1 ट्रिलियन डॉलर से नीचे आ गया है। बिटकॉइन (Bitcoin) भी कई हफ्तों के बाद 20,000 डॉलर के नीचे ट्रेड कर रहा है। पिछले 24 घंटे में ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट में 2 पर्सेंट की गिरावट देखी गई है। ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट सोमवार को 994 बिलियन डॉलर के स्तर पर रहा। दूसरी ओर दुनिया की सबसे लोकप्रिय और बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन (Bitcoin) सोमवार को 19,848 डॉलर पर ट्रेड कर रही है। साल 2022 की शुरुआत से ही क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में गिरावट देखने को मिल रही है।
दूसरी डिजिटल करेंसी में भी गिरावट जारी
क्रिप्टोकरेंसी मार्केट (Cryptocurrency market) में दूसरी कई डिजिटल करेंसीज की कीमतों में गिरावट जारी है। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी और क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम ब्लॉकचेन की ईथर (Ether) में सोमवार को 2 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली। ईथर सोमवार को 1,453 डॉलर पर ट्रेड कर रही है। जबकि डॉगकॉइन (Dogecoin) सोमवार को 2 पर्सेंट की गिरावट के साथ 0.06 डॉलर पर और शीबा इनु 1 पर्सेंट की गिरावट के साथ 0.000012 डॉलर पर ट्रेड कर रही है। पिछले 24 घंटे में कई क्रिप्टोकरेंसी जैसे चेनलिंक, एपीकॉन, एक्सआरपी, युनीसेप, स्टेलर, बीएनबी, पॉलीगॉन, सोलोना, पोलकाडॉट, टीथर लगभग 4 पर्सेंट की गिरावट के साथ ट्रेड कर रही हैं।
यह भी पढ़ें-Reliance AGM 2022: रिलायंस एजीएम में मुकेश अंबानी से क्या हैं निवेशकों की उम्मीदें
एक्सपर्ट क्या कहते हैं
ग्लोबल क्रिप्टो इनवेस्टमेंट प्लेटफॉर्म Mudrex के CEO और Co-founder इदुल पटेल कहते हैं कि अगर आज बिटकॉइन की कीमत 19,500 डॉलर के नीचे चली जाती है तो हम आने वाले समय में बिटकॉइन को और नीचे जाते देखेंगे। बिटकॉइन पिछले कई सप्ताह के बाद अपने 20,000 डॉलर के लेवल से नीचे आया है। वहीं फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में इजाफे के अनुमान को देखते हुए ईथर की मार्केट प्राइस में पिछले हफ्तों में 11 पर्सेंट की कमी आई है। फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दरों में की गई बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के बीच इस साल की पहली छमाही से ही क्रिप्टोकरेंसी की बाजार कीमतों में कमी देखी गई है।
यह भी पढ़ें-टमाटर 500 और प्याज 400 रुपये किलो, आलू पहुंचा 120, परेशान पाकिस्तान भारत से कर सकता है आयात