ऐप पर पढ़ें
layoff news: अमेरिका के स्टार्टअप Frontdesk ने साल की पहली बड़ी छंटनी की है। इस कंपनी ने कथित तौर पर 2 मिनट की वर्चुअल कॉल के जरिए अपने 200 लोगों को नौकरी से निकाल दिया। टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक 2 मिनट के लिए कर्मचारियों की Google मीट कॉल बुलाई गई और इसमें प्रभावित कर्मचारियों को छंटनी की जानकारी दी गई।
क्या कहा कंपनी के सीईओ ने
रिपोर्ट में कहा गया है कि स्टार्टअप कंपनी Frontdesk के सीईओ जेसी डीपिंटो ने कॉल के दौरान कर्मचारियों को कंपनी के वित्तीय संघर्षों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही कंपनी के दिवाला आवेदन के संकेत भी दिए हैं। मतलब ये कि कंपनी खुद को दिवालिया घोषित करना चाहती है। इसके लिए जल्द आवेदन भी दिया जा सकता है। वर्चुअल मीटिंग के दौरान सीईओ ने बताया कि स्टार्टअप का बिजनेस मॉडल अलग-अलग मोर्चे पर संघर्ष कर रहा है। जेटब्लू वेंचर्स और वेरिटास इन्वेस्टमेंट्स जैसे निवेशकों से लगभग 26 मिलियन डॉलर फंड जुटाने के बावजूद कंपनी को चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
कंपनी के बारे में
स्टार्टअप Frontdesk की स्थापना 2017 में हुई थी। यह कंपनी अमेरिका में 1,000 से अधिक अपार्टमेंटों के मैनेजमेंट का अनुभव रखती है। हाल ही में इस कंपनी ने विस्कॉन्सिन स्थित प्रतिद्वंद्वी जेनसिटी का अधिग्रहण किया है। इसके सिर्फ सात महीने बाद छंटनी का फैसला लिया गया है। एक्सपर्ट बताते हैं कि कंपनी को वित्तीय चुनौतियों का सामना करना पड़ा क्योंकि उन्हें एसेट के रेंट पेमेंट में कठिनाई हो रही थी। ऐसे में कंपनी को बड़ी संख्या में कर्मचारियों को निकालने का कठोर निर्णय लेना पड़ा।
Xerox में भी छंटनी
बीते 3 जनवरी को Xerox ने अपने वर्कफोर्स को 15 प्रतिशत तक कम करने के अपने इरादे के बारे में बताया। एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के पास लगभग 20,500 कर्मचारी थे। इस छंटनी के ऐलान से लगभग 3000 कर्मचारियों पर असर पड़ने की आशंका है। बता दें कि अमेरिका की यह कंपनी डिजिटल प्रिंटिंग और दस्तावेज प्रबंधन टेक्नो में सक्रिय है।