Bitcoin Prices On Monday: बिटकॉइन (Bitcoin) की कीमतों में सोमवार को जबर्दस्त तेजी देखने को मिली है। 13 जून के बाद यह पहला मौका है जब बिटकॉइन 25,000 डॉलर के पार चला गया है। सोमवार को दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे लोकप्रिय डिजिटल करेंसी बिटकॉइन 1 पर्सेंट की बढ़त के साथ 25,200 डॉलर के निशान पर रही। CoinGecko के अनुसार सोमवार को ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप एक ट्रिलियन डॉलर के ऊपर रहा। पिछले 24 घंटों में ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट 1.23 ट्रिलियन डॉलर के निशान पर फ्लैट रहा।
ईथर और शीबा इनु की कीमतों में भी इजाफा
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम ब्लॉकचेन की ईथर 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,004 डॉलर पर बना रही। 31 मई के बाद ईथर पहली बार शनिवार को 2,000 डॉलर के पार रही। जबकि डॉगकॉइन (Dogecoin) की कीमत 10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 0.08 डॉलर और शीबा इनु भी 34 प्रतिशत की बड़ी बढ़त के साथ 0.000017 डॉलर पर बना रहा।
मिला-जुला रहा कई और डिजिटल करेंसी का परफॉर्मेंस
दूसरी कई डिजिटल क्रिप्टोकरेंसी का प्रदर्शन भी मिला–जुला रहा। जहां एक ओर पिछले 24 घंटे में एक्सआरपी,बीएनबी, लिटकॉइन,टीथर, पॉलीगॉन की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है वहीं दूसरी ओर यूनिस्वैप, पोलकाडॉट, चैनलिंक की कीमतों में गिरावट देखी गई।
जुलाई में बिटक्वॉइन में आई 17 पर्सेंट की तेजी
Crypto Market मई और जून के महीने में गिरावट का शिकार रहा है। दुनिया भर में बढ़ी हुई महंगाई और अमेरिका के फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी के कारण निवेशकों में हिचक बनी रही। इस डर की वजह से कुछ क्रिप्टोकरेंसी लेंडर ने अपने ग्राहकों को डिजिटल करेंसी निकालने से रोक दिया था। लेकिन, जुलाई महीने में कीमतों में बढ़ोतरी होने लगी थी। जुलाई महीने में बिटकॉइन 17 प्रतिशत की बढ़त पर ट्रेड कर रहा था।