एक केमिकल स्टॉक ने दो साल में ही निवेशकों को मालामाल कर दिया है। यह फिनोटेक्स केमिकल (Fineotex Chemical) का शेयर है। कंपनी के शेयर 2 साल में ही 15 रुपये के स्तर से 190 रुपये के पार पहुंच गए हैं। फिनोटेक्स केमिकल के शेयरों ने पिछले एक साल में 195 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न इनवेस्टर्स को दिया है। दिग्गज इनवेस्टर आशीष कचौलिया ने इस स्मॉलकैप केमिकल स्टॉक में बड़ी हिस्सेदारी ली है।
1 लाख रुपये के बन गए 12 लाख रुपये से ज्यादा
फिनोटेक्स केमिकल (Fineotex Chemical) के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 27 मार्च 2020 को 15 रुपये के स्तर पर थे। कंपनी के शेयर 5 अप्रैल 2022 को एनएसई में 191 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं। अगर किसी व्यक्ति ने 2 साल पहले कंपनी के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते तो मौजूदा समय में यह पैसा 12.73 लाख रुपये के करीब होता। यानी, सिर्फ 2 साल में ही 1 लाख रुपये के निवेश पर 11 लाख रुपये से ज्यादा का फायदा होता।
यह भी पढ़ें- 8 रुपये तक के ये 4 मल्टीबैगर पेनी स्टॉक दे रहे तगड़ा मुनाफा
संबंधित खबरें
आशीष कचौलिया की फिनोटेक्स केमिकल में 1.84 फीसदी हिस्सेदारी
दिग्गज इनवेस्टर आशीष कचौलिया ने स्मॉलकैप स्टॉक फिनोटेक्स केमिकल में 31 मार्च 2022 को खत्म हुई तिमाही के दौरान हिस्सेदारी खरीदी है। फिनोटेक्स केमिकल की तरफ से फाइल किए गए हालिया शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, कचौलिया के पास कंपनी के 20,42,534 शेयर या 1.84 फीसदी हिस्सेदारी है। दिसंबर 2021 तिमाही के आखिर में कचौलिया का नाम कंपनी के प्रमुख शेयरधारकों में नहीं था। पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही खत्म होने के बाद से चौथी तिमाही खत्म होने तक कंपनी के शेयरों में 30 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है। कंपनी के शेयर 138.45 रुपये से बढ़कर 180.10 रुपये पर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें- अडानी ग्रुप की इन 3 कंपनियों के शेयर आज 52 हफ्ते के उच्च स्तर पर, तीन साल में मालामाल हो गए निवेशक
एक साल में दिया 195 फीसदी से ज्यादा रिटर्न
फिनोटेक्स केमिकल के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में ठीक एक साल पहले यानी 5 अप्रैल 2021 को 64.95 रुपये के स्तर पर थे। कंपनी के शेयर 5 अप्रैल 2022 को 191 रुपये के पार पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयरों ने पिछले 1 साल में 195 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है। अगर किसी व्यक्ति ने ठीक एक साल पहले कंपनी के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते तो मौजूदा समय में यह पैसा 2.94 लाख रुपये होता।