मैगी (Maggi) बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया (Nestle) अपने निवेशकों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। नेस्ले इंडिया अपने इनवेस्टर्स को हर शेयर पर 120 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है। नेस्ले इंडिया ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है, ‘कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने बुधवार को हुई मीटिंग में साल 2022 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 120 रुपये का दूसरा अंतरिम डिविडेंड डिक्लेयर किया है।’
1 नवंबर 2022 होगी डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट
नेस्ले इंडिया ने बताया है कि साल 2022 के लिए 120 रुपये के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का भुगतान 16 नवंबर 2022 को या इसके बाद कर दिया जाएगा। एफएमसीजी कंपनी ने डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट 1 नवंबर 2022 फिक्स की है। यानी, कंपनी के शेयर 31 अक्टूबर 2022 को एक्स-डिविडेंड पर ट्रेड करेंगे। नेस्ले ने इससे पहले 6 मई 2022 को हर शेयर पर 25 रुपये का डिविडेंड दिया था। दिसंबर 2021 को खत्म हुए साल में नेस्ले इंडिया ने हर शेयर पर 2000 पर्सेंट यानी 200 रुपये का टोटल डिविडेंड दिया था।
यह भी पढ़ें- सिर्फ 4 दिन में बैंक के स्टॉक ने किया मालामाल, अगली दिवाली तक ₹200 के पार जाएगा भाव!
कंपनी को 668.3 करोड़ रुपये का तिमाही मुनाफा
नेस्ले इंडिया को सितंबर 2022 तिमाही में 668.34 करोड़ रुपेय का मुनाफा हुआ है। कंपनी का प्रॉफिट 8.25 पर्सेंट बढ़ा है। सितंबर तिमाही में नेस्ले इंडिया की नेट सेल्स सालाना आधार पर 18 पर्सेंट बढ़कर 4567 करोड़ रुपये रही है। मैगी नूडल्स और किट कैट चॉकलेट बनाने वाली कंपनी की डोमेस्टिक सेल्स सालाना आधार पर 18.3 पर्सेंट बढ़ी है। नेस्ले इंडिया के शेयर 19 अक्टूबर को करीब 2 पर्सेंट की तेजी के साथ 19723.25 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं। पिछले 6 महीने में नेस्ले इंडिया के शेयरों में करीब 10 पर्सेंट का उछाल आया है। वहीं, पिछले 5 साल में नेस्ले के शेयर करीब 175 पर्सेंट चढ़ गए हैं।
यह भी पढ़ें- 3 दिन से मुनाफा दे रहा अडानी का ये स्टॉक, डिफेंस कंपनी पर दांव, SC के फैसले का असर
डिस्क्लेमर: यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।