ऐप पर पढ़ें
Fixed deposits: अपनी स्थापना के 112 साल पूरे कर चुके पब्लिक सेक्टर के बड़े लेंडर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) ने 2 करोड़ रुपये से कम के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर ब्याज दरों में बदलाव किया है। ब्याज दरों में इस बदलाव के बाद बैंक अपने जनरल कस्टमर्स को 7 दिन से 10 साल की एफडी पर 4 पर्सेंट से 6.25 पर्सेंट का ब्याज देगा। वहीं बैंक इसी टाइम पीरियड पर अपने सीनियर सिटीजन ग्राहकों को 4.50 पर्सेंट से 6.75 पर्सेंट का ब्याज देगा।
10 अप्रैल से लागू होंगी नई ब्याज दरें
दूसरी ओर ब्याज दरों में इस बदलाव के बाद सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अपने जनरल कस्टमर्स को 1 साल से लेकर 2 साल से कम की एफडी पर अधिकतम 6.75 पर्सेंट का ब्याज देगा। जबकि बैंक इसी टाइम पीरियड पर अपने सीनियर सिटीजन ग्राहकों को 7.25 पर्सेंट का ब्याज देगा। बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार बढ़ी हुई नई ब्याज दरें 10 अप्रैल, 2023 से लागू होंगी।
यहां मिलेगा 6.75 पर्सेंट का ब्याज
ब्याज दरों में इस बदलाव के बाद बैंक 7 दिन से 14 दिन की एफडी पर अपने जनरल कस्टमर्स को 4 पर्सेंट, 15 दिन से 45 दिन की एफडी पर 4.25 पर्सेंट, 46 दिन से 90 दिन की एफडी पर 4.50 पर्सेंट जबकि 91 दिन से 179 दिन की एफडी पर 5 पर्सेंट का ब्याज देगा। दूसरी ओर बैंक 180 दिन से 364 दिन की एफडी पर 5.50 पर्सेंट और 1 साल से लेकर 2 साल से कम की एफडी पर अधिकतम 6.75 पर्सेंट का ब्याज देगा।
पिछले 1 साल में 24 पर्सेंट चढ़ गए बैंक के शेयर
इंटरेस्ट रेट में इजाफे के इसी क्रम में बैंक 2 साल से लेकर 3 साल से कम की एफडी पर 6.50 पर्सेंट और 3 साल से लेकर 10 साल की एफडी पर 6.25 पर्सेंट का ब्याज देगा। बता दें कि हफ्ते की आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बैंक के शेयर BSE इंडेक्स पर मामूली तेजी के साथ 24.83 रुपये पर बंद हुए। जबकि पिछले 1 साल के दौरान बैंक के शेयरों में करीब 24 पर्सेंट की तेजी आई है।