ऐप पर पढ़ें
Future Group Share: कर्ज में डूबी फ्यूचर ग्रुप की कंपनी फ्यूचर रिटेल लिमिटेड (FRL) के शेयर आज फोकस में हैं। कंपनी के शेयरों में आज मंगलवार को 5% का अपर सर्किट लगा है। इससे पहले सोमवार को भी यह शेयर 5% के अपर सर्किट में थे। फ्यूचर रिटेल के शेयर (Future retails share) आज बीएसई पर 2.70 रुपये पर पहुंच गए। शेयरों में तेजी के पीछे एक बड़ी वजह है। वह यह है कि दिवालिया प्रोसेस से गुजर रही इस कंपनी को खरीदने के रेस में मुकेश अंबानी से लेकर अडानी समेत दिग्गज सामने आए हैं।
49 कंपनियों ने दिखाई दिलचस्पी
आपको बता दें कि फ्यूचर रिटेल को खरीदने के लिए रिलायंस, अडानी, जिंदल पावर समेत 49 कंपनियों ने फ्यूचर रिटेल में दिलचस्पी दिखाई है। दरअसल, रिलायंस रिटेल, जिंदल पावर लिमिटेड और अडानी समूह समेत 49 कंपनियों ने फ्यूचर रिटेल की परिसंपत्तियों को खरीदने में दिलचस्पी दिखाते हुए अभिरुचि पत्र (EOI) सौंपा है। बता दें कि कर्ज में डूबी फ्यूचर रिटेल इस समय दिवाला समाधान प्रक्रिया से गुजर रही है। रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड, आरआईएल के खुदरा परिचालन (रिटेल ऑपरेशन्स) के लिए होल्डिंग कंपनी है। दूसरी ओर अप्रैल मून रिटेल प्राइवेट लिमिटेड, अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और फ्लेमिंगो समूह का एक संयुक्त उद्यम है। इन दोनों कंपनियों ने अपना EOI पेश किया है।
अडानी की इस कंपनी पर मेहरबान हुए विदेशी निवेशक, लेकिन LIC ने घटा दी हिस्सेदारी, शेयर में उछाल
क्या है डिटेल
फ्यूचर रिटेल के कर्जदाताओं ने FRL की परिसंपत्तियों को समूहों में विभाजित करने के बाद नई बोली आमंत्रित करने का फैसला किया है। FRL के समाधान पेशेवर ने बताया कि दिलचस्पी दिखाने वाले 49 प्रतिभागियों को ‘दूसरे विकल्प के तहत किसी भी/ सभी ऐसे समूहों के लिए समाधान योजना’ जमा करने की अनुमति होगी। अभिरुचि पत्र (EOI) जमा करने वाली कुछ अन्य कंपनियों में सेंचुरी कॉपर कॉर्प, ग्रीनटेक वर्ल्डवाइड, हर्षवर्धन रेड्डी, जे सी फ्लावर्स एसेट रिकंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, पिनेकल एयर प्राइवेट लिमिटेड, यूनिवर्सल एसोसिएट्स और डब्ल्यूएचस्मिथ ट्रैवल लिमिटेड शामिल हैं।
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)