ऐप पर पढ़ें
जनवरी में हिंडनबर्ग रिसर्च की विस्फोटक रिपोर्ट के बाद गौतम अडानी के साम्राज्य को बड़ा नुकसान हुआ है। रिपोर्ट के बाद अडानी की दौलत इतनी कम हो गई कि वित्त वर्ष 2022-2023 में उन्हें प्रति सप्ताह औसतन 28 बिलियन डॉलर या ₹3000 करोड़ के नुकसान की आशंका है। यह दावा Hurun Global Rich की एक रिपोर्ट में किया गया है।
मुकेश अंबानी का दबदबा: इस रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने दुनिया के टॉप 10 अरबपतियों में जगह बनाई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि संपत्ति में 20 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद अंबानी दुनिया के नौवें सबसे रईस अरबपति बने हुए हैं। मुकेश अंबानी की दौलत 82 बिलियन डॉलर है। इसके साथ ही मुकेश अंबानी ने लगातार तीसरे साल सबसे अमीर एशियाई का खिताब भी बरकरार रखा है।
अडानी की दौलत कितनी: गौतम अडानी की दौलत 53 अरब डॉलर है और वह दूसरे सबसे अमीर भारतीय हैं। वहीं, साइरस पूनावाला 28 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर रहे। शिव नादर और उनका परिवार 27 अरब डॉलर के साथ चौथे और लक्ष्मी मित्तल 20 अरब डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
जेफ बेजोस को तगड़ा नुकसान: इस बीच, ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने पिछले एक साल में सबसे अधिक संपत्ति गंवा दी है। जेफ बेजोस की व्यक्तिगत संपत्ति में $70 बिलियन का नुकसान हुआ है, जो अंबानी और अडानी के संयुक्त नुकसान से अधिक है। बेजोस की संपत्ति 118 बिलियन डॉलर है।