ऐप पर पढ़ें
Index rejig: HDFC बैंक में मर्जर के बाद अब हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन (HDFC) को एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स से बाहर कर दिया गया है। इससे पहले निफ्टी 50 इंडेक्स से भी HDFC को हटाने का ऐलान किया गया। आपको बता दें कि 1 जुलाई से मर्जर प्रभावी है और इस प्रक्रिया के बाद HDFC का वजूद अब खत्म हो गया है।
JSW स्टील को जगह: स्टॉक एक्सचेंज ने एक बयान में कहा कि JSW स्टील एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स में HDFC की जगह लेगी। यह 1 जुलाई से प्रभावी है। इस बीच, बीएसई 100 इंडेक्स में HDFC की जगह को जोमैटो रिप्लेस करेगा। एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स 500 में अपोलो हॉस्पिटल्स की एंट्री होगी। एचडीएफसी को भी अपोलो हॉस्पिटल्स द्वारा प्रतिस्थापित किया गया है।
बयान के मुताबिक 13 जुलाई से HDFC लिमिटेड को अन्य सभी बीएसई सूचकांकों से हटा दिया जाएगा। HDFC के अलावा, टीवीएस मोटर कंपनी और अपोलो टायर्स को भी एक्सचेंज के कुछ सूचकांकों से हटा दिया गया है। वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स पर HDFC की जगह इंजीनियरिंग दिग्गज लार्सन एंड टुब्रो की सहायक कंपनी LTIMindtree लेगी।
HDFC बैंक और HDFC का विलय 1 जुलाई को प्रभावी हुआ। बोर्ड ने विलय सौदे के तहत शेयरों के आवंटन के लिए योग्य शेयरधारकों को निर्धारित करने के लिए रिकॉर्ड तिथि 13 जुलाई निर्धारित की है। विलय की शर्तों के मुताबिक HDFC बैंक के पात्र शेयरधारकों को उनके पहले के प्रत्येक 25 शेयरों के लिए 42 नए HDFC बैंक शेयर प्राप्त होंगे।
शेयरों का हाल: बुधवार को बीएसई पर एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी लिमिटेड के शेयर क्रमशः 3 प्रतिशत गिरकर ₹1,673.30 और ₹2,796.15 पर बंद हुए। वहीं, बीएसई पर जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ ₹792.45 पर बंद हुए।