Share Market Live Update: घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत आज कमजोर रही। मंगलवार यानी आज बीएसई का 30 स्टॉक्स वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 315 अंकों के नुकसान के साथ 52846 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज के दिन के कारोबार की शुरुआत लाल निशान के साथ की।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में डॉक्टर रेड्डी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, रिलायंस, आईटीसी को छोड़ बाकी स्टॉक्स लाल निशान पर थे। सेंसेक्स 287 अंकों की गिरावट के साथ 52873 और निफ्टी 91 अंक गिरकर 15740 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सोमवार का हाल
वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में लाभ रहा और बीएसई सेंसेक्स 433.30 अंक चढ़कर बंद हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी, बैंक और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से भी बाजार में मजबूती आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 433.30 अंक यानी 0.82 फीसद की बढ़त के साथ 53,161.28 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 781.52 अंक तक चढ़ गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 132.80 अंक यानी 0.85 फीसद की मजबूती के साथ 15,800 अंक के स्तर को पार करते हुए 15,832.05 अंक पर बंद हुआ।