ऐप पर पढ़ें
लगातार गिरावट के बाद एक फार्मा कंपनी के शेयरों ने तेज दौड़ लगाई है। यह फार्मा कंपनी डिशमैन कार्बोजेन एमिक्स है। डिशमैन कार्बोजेन (Dishman Carbogen) के शेयर मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में दिन के कारोबार के दौरान 14 पर्सेंट से ज्यादा चढ़कर 125.65 रुपये पर पहुंच गए। फार्मा कंपनी के शेयर कारोबार के आखिर में 12.13 पर्सेंट चढ़कर 122 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 201.35 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 80.05 रुपये है।
11 दिन में आई 50% के करीब तेजी
डिशमैन कार्बोजेन के शेयरों में पिछले कुछ दिन में जबरदस्त तेजी आई है। फार्मा कंपनी के शेयर पिछले 11 ट्रेडिंग सेशन में करीब 50 पर्सेंट चढ़ गए हैं। डिशमैन कार्बोजेन के शेयर 6 फरवरी 2023 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में 81.90 रुपये के स्तर पर थे। कंपनी के शेयर 21 फरवरी 2023 को बीएसई में 122 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले 5 ट्रेडिंग सेशन में डिशमैन कार्बोजेन के शेयरों में 20 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी आई है। इस साल अब तक फार्मा कंपनी के शेयरों में करीब 27 पर्सेंट की तेजी आई है।
यह भी पढ़ें- इस कंपनी के दफ्तर पर IT रेड, निवेशकों में हड़कंप, रिकॉर्ड लो पर शेयर
पिछले 1 साल में 27% से अधिक गिरे कंपनी के शेयर
डिशमैन कार्बोजेन के शेयर पिछले एक साल में 27.60 पर्सेंट गिर गए हैं। फार्मा कंपनी के शेयर 22 फरवरी 2022 को बीएसई में 168.50 रुपये के स्तर पर थे। कंपनी के शेयर 21 फरवरी 2023 को बीएसई में 122 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले 5 साल में डिशमैन कार्बोजेन के शेयर करीब 63 पर्सेंट लुढ़क गए हैं। डिशमैन कार्बोजेन के शेयर 27 मार्च 2020 को बीएसई में 48.85 रुपये के स्तर पर पहुंच गए थे। कंपनी की दुनिया के कई देशों में मौजूदगी है। स्विट्जरलैंड, यूके, फ्रांस, नीदरलैंड्स, चीन में कंपनी के डिवेलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं।
यह भी पढ़ें- रिकवरी मोड पर आया ये स्टॉक, 1 महीने में 32% की तेजी, आज 8% की छलांग
वेल्थ मैनेजमेंट फर्म ने खरीदे हैं 11 लाख से ज्यादा शेयर
एन्विल वेल्थ मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने 13 फरवरी 2023 को डिशमैन कार्बोजेन के 11.9 लाख शेयर खरीदे हैं। कंपनी में वेल्थ मैनेजमेंट फर्म की हिस्सेदारी 0.76 पर्सेंट है। एन्विल वेल्थ मैनेजमेंट ने यह हिस्सेदारी 99.44 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे हैं। अक्टूबर-दिसंबर 2022 तिमाही में डिशमैन कार्बोजेन का तिमाही मुनाफा 32.7 पर्सेंट बढ़कर 46.96 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 35.38 करोड़ रुपये था।
डिस्क्लेमर: यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।