रिलायंस पावर के शेयर (Reliance Power Share Price) गुरुवार को कारोबार समाप्त होने तक 20 फीसद के अपर सर्किट पर पहुंच गए। एनएसई पर अब यह स्टॉक 20.15 रुपये पर पहुंच गया। जबकि, बीएसई पर 20.00% की बढ़त के साथ 20.28 पहुंच गया है। बता दें भारत के पूंजी बाजार में कभी अनिल अंबानी की रिलायंस पावर का दबदबा था। 2008 में यह आईपीओ आया था, जिसमें रिकॉर्ड 4.8 मिलियन आवेदन किए गए थे। इसका रिकॉर्ड एलआईसी के आईपीओ ने तोड़ा।
रिलायंस पावर शेयर प्राइस हिस्ट्री
पिछले एक हफ्ते में रिलायंस पावर ने 34.39 फीसद का रिटर्न दिया है। वहीं एक महीने में 55.76 फीसद और एक साल में 83.36 फीसद का अच्छा रिटर्न दिया है। पिछले 3 साल के परफार्मेंस की बात करें तो रिलायंस पावर ने 525.93 फीसद का तगड़ा रिटर्न दिया है। इसका 52 हफ्ते का उच्च 20.15 और लो निम्नतम मूल्य 10.85 रुपये है।
कभी 274.81 रुपये का था रिलायंस पावर का एक शेयर
23 मई 2008 को रिलायंस पावर का एक शेयर जितने में बिका था, उतने में आज करीब 14 शेयर मिल जाएंगे। उस समय शेयर का मूल्य था 274.81 रुपये और गुरुवार को 20.15 रुपये पर बंद हुआ था। शेयर बाजार में लिस्टिंग से लेकर अब तक यह 91 फीसद से अधिक गिर चुका है। 27 मार्च 2020 को इसका भाव 1.15 रुपये तक आ गया। इसके बाद 1 अप्रैल 2021 तक 6 रुपये के नीचे ही रहा।
(डिस्क्लेमर: यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)