Share Market Live Update: रूस-यूक्रेन में युद्ध के बीच सेंसेक्स और निफ्टी भी आज गिरावट के साथ खुले। बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह सवा नौ बजे 529 अंक लुढ़ककर 55329 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी ने भी आज लाल निशान के साथ कारोबार की शुरुआत की।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 850.21 अंक गिरकर 55,008.31 के स्तर पर आ गया और निफ्टी ने 266 अंकों का गोता लगाकर 16400 के नीचे आ गया। सेंसेक्स में टाटा स्टील और पावर ग्रिड को छोड़ सभी स्टॉक लाल निशान पर हैं।
इस हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल
रूस-यूक्रेन विवाद से जुड़े घटनाक्रम इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा तय करेंगे। पिछले सप्ताह रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद दुनियाभर के बाजारों में जोरदार गिरावट आई थी। विश्लेषकों का मानना है कि इस सप्ताह रूस-यूक्रेन विवाद से जुड़े घटनाक्रमों के अलावा महत्वपूर्ण वृहद आर्थिक आंकड़े बाजार की दिशा तय करेंगे।
इस सप्ताह सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनुमान और विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई आंकड़े आने हैं। सप्ताह के दौरान वाहन कंपनियों के शेयरों पर भी सभी की निगाह रहेगी। वाहन कंपनियों के फरवरी के बिक्री आंकड़े एक मार्च को आएंगे। कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, तिमाही नतीजों का सीजन पीछे छूट चुका है, ऐसे में आगामी सप्ताह बाजार वैश्विक बाजारों के रुख से दिशा लेगा।
विदेशी निवेशकों ने 35,506 करोड़ निकाले
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने फरवरी में भारतीय बाजारों से 35,506 करोड़ रुपये की निकासी की है। यह लगातार पांचवां महीना है जबकि एफपीआई भारतीय बाजार में बिकवाल रहे हैं। एफपीआई अक्टूबर, 2021 से लगातार भारतीय बाजारों से निकासी कर रहे हैं। फरवरी, 2022 में एफपीआई की निकासी मार्च, 2020 के बाद सबसे ऊंची रही है। उस समय एफपीआई ने भारतीय बाजारों से 1,18,203 करोड़ रुपये निकाले थे।