Russia-ukraine war impact on adani wilmar: रूस-यूक्रेन की जंग में अडानी ग्रुप को फायदा हो रहा है। दरअसल, खाने की तेल बनाने वाली कंपनी अडानी विल्मर (AWL) के शेयरों में जबरदस्त तेजी है। आज शुरुआती कारोबार के दौरान अडानी विल्मर के शेयरों (Adani wilmar) में 10 फीसदी तक की तेजी देखी गई। खबर लिखे जाने तक कंपनी के शेयर BSE पर 7.67 फीसदी की तेजी के साथ 358.55 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं ।
जानिए क्या है वजह?
रूस और यूक्रेन की जंग, भारत में सूरजमुखी तेल (Sunflower oil) के आयात को प्रभावित कर सकता है जिससे अंततः सूरजमुखी तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। अकेले यूक्रेन भारत के सूरजमुखी तेल आयात में दो-तिहाई से अधिक का योगदान देता है, इसके बाद रूस का स्थान आता है, जो लगभग 20 प्रतिशत का योगदान देता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत को अभी तक फरवरी में यूक्रेन से सूरजमुखी तेल का कोई शिपमेंट नहीं मिला है, जो आमतौर पर लगभग 1.5-2 मिलियन टन सूरजमुखी के बीज भेजता है। इससे भारत में सूरजमुखी के तेल की कमी हो सकती है, जिससे सूरजमुखी तेल की कीमतें प्रभावित हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- रूस-यूक्रेन वार से महंगाई बढ़ेगी बेशुमार, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने को मजबूर होंगी कंपनियां
8 फरवरी को हुई थी लिस्टिंग
अडानी विल्मर के शेयर शुक्रवार सुबह 10 बजे 361 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। थोड़ी देर बाद ही कंपनी के शेयर 10 प्रतिशत की तेजी के साथ 365 रुपये पर पहुंच गए थे। गुरुवार को कंपनी के शेयर 333 रुपये पर बंद हुए थे। कंपनी का मार्केट कैप 46,599.98 करोड़ रुपये हो गया है। बता दें की कंपनी का आईपीओ साइज 36000 करोड़ रुपये का था। शेयर बाजार में अडानी विल्मर के शेयरों की लिस्टिंग 8 फरवरी को हुई थी। कंपनी का आईपीओ 27 से 31 जनवरी के बीच खुला था। प्राइस बैंड 218-230 रुपये के बीच रखा गया था। अडानी विल्मर के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में करीब 4 फीसदी के डिस्काउंट के साथ 221 रुपये पर लिस्ट हुए थे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में कंपनी के शेयर 1 फीसदी डिस्काउंट के साथ 227 रुपये पर लिस्ट हुए थे।
यह भी पढ़ें- रूस-यूक्रेन में युद्ध के बीच सेंसेक्स ने लगाई 1600 से अधिक अंकों की छलांग, अब निफ्टी 16700 के पार
कंपनी का कारोबार
अडानी विल्मर की बात करें तो अडानी समूह और सिंगापुर स्थित विल्मर समूह के बीच 50:50 का ज्वाइंट वेंचर है। फॉर्च्यून ब्रांड के तहत खाना पकाने के तेल और कुछ अन्य खाद्य उत्पाद बेचने वाली अडानी विल्मर, गौतम अडानी की 7वीं कंपनी है जो शेयर बाजार में लिस्टेड है।