शेयर बाजार में पैसा लगाने वाला हर व्यक्ति यह जानना चाहता है कि दिग्गज इनवेस्टर राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) ने किन शेयरों को खरीदा है। ताकि, वह भी उन शेयरों पर दांव लगा सके। राकेश झुनझुनवाला और उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में कई शेयर शामिल हैं। इनमें से कुछ शेयरों ने पिछले एक हफ्ते में अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर (लो लेवल) को छुआ है और अब भी वह उन्हीं स्तरों के करीब हैं। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है।
52 हफ्ते के लो लेवल के करीब इडलवाइज फाइनेंशियल
इडलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज में दिग्गज इनवेस्टर राकेश झुनझुनवाला की 31 दिसंबर 2021 के डेटा के मुताबिक 1.6 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी के शेयरों ने 28 फरवरी 2022 को 53.95 रुपये के स्तर को हिट किया है, जो कि कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो-लेवल है। गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में कंपनी के शेयर 55.10 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं।
यह भी पढ़ें- RBI ने रद्द किया बैंक का लाइसेंस, समझें-डिपॉजिटर्स के पैसे का क्या होगा
वॉकहार्ट में झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 2.26 फीसदी
वॉकहार्ट (Wockhardt) के शेयर इस साल 24 फरवरी को 52 हफ्ते के निचले स्तर 326.25 रुपये पर पहुंचे। बीएसई में गुरुवार को वॉकहार्ट के शेयर 341 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। दिसंबर 2021 तिमाही के आखिर में वॉकहार्ट में झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 2.26 फीसदी थी। Jubilant Pharmova के शेयर 28 फरवरी 2022 को 52 हफ्ते के निचले स्तर 389.90 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर गुरुवार को बीएसई में 413 रुपये पर बंद हुए। झुनझुनवाला दंपति की 31 दिसंबर 2021 के डेटा के मुताबिक कंपनी में करीब 6.3 फीसदी हिस्सेदारी है।
यह भी पढ़ें- IPO के बाद फिर बिकेगी LIC की हिस्सेदारी! ये है सरकार का पूरा प्लान
टाटा ग्रुप का यह शेयर 243 रुपये पर पहुंचा
रैलिस इंडिया (Rallis India) के शेयरों ने इस साल 24 फरवरी को एक साल के निचले स्तर 226.80 रुपये को छुआ है। गुरुवार को कंपनी के शेयर बीएसई में 243.75 रुपये के स्तर पर बंद हुए। 31 दिसंबर 2021 तक के डेटा के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला और रेखा झुनझुनवाला की टाटा ग्रुप की इस कंपनी में संयुक्त रूप से 9.8 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, स्टार हेल्थ (Star Health) ने 24 फरवरी को 633.10 रुपये के निचले स्तर को छुआ है। गुरुवार को कंपनी के शेयर 688.15 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। झुनझुनवाला दंपति की इस कंपनी में 17.5 फीसदी हिस्सेदारी है।
वहीं, NCC के शेयरों ने इस साल 24 फरवरी को 52 हफ्ते के निचले स्तर 55.80 रुपये को छुआ। कंपनी के शेयर गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में 60.75 रुपये के स्तर पर बंद हुए। 31 दिसंबर 2021 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी में रेखा झुनझुनवाला की 12.8 फीसदी हिस्सेदारी है।