टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर में रविवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह 54 वर्ष के थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब मिस्त्री की कार मुंबई से सटे पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई। उस समय मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे। पालघर जिले के SP बालासाहेब पाटिल ने कहा, ‘दुर्घटना दोपहर लगभग 3.15 बजे हुई। मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई की ओर जा रहे थे। यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ। ऐसा लग रहा है कि यह एक दुर्घटना है।’ आइए जानते हैं उनके विषय में कुछ रोचक बातें-
यह भी पढ़ेंः सायरस मिस्त्री: कारोबारी परिवार का छोटा लाडला, जिसने पिता के सपनों को नई उड़ान दी
1-साइरस मिस्त्री दिग्गज बिजनेस मैन शापूरजी पालोनजी के छोटे बेटे थे।
2- साइरस मिस्त्री 2012 में टाटा समूह के चेयरमैन बने थे। रतन टाटा के 75 वर्ष पूरा करने के बाद समूह की तरफ से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी। साइरस मिस्त्री 2006 में टाटा ग्रुप से जुड़े थे। 142 सालों के इतिहास में साइरस मिस्त्री टाटा परिवार के बाहर दूसरे व्यक्ति थे, जिन्हें टाटा ग्रुप का चेयरमैन बनाया गया था।
3- टाटा समूह का मुखिया बनने से पहले वह शापूरजी पालोनजी ग्रुप में वह कंस्ट्रक्शन सेक्टर के एमडी थे। उन्होंने शापूरजी पालोनजी समूह को साल 1991 में डायरेक्टर के पद पर ज्वाइन किया था।
4- अक्टूबर 2016 में साइरस मिस्त्री को बहुत नाटकीय तरीके टाटा समूह के चेयरमैन के पद से हटना पड़ा था। तब उन्होंने NCLAT का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन वहां से भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी। फरवरी 2017 में टाटा संस के बोर्ड के डायरेक्टर पद से भी हटा दिया गया था।
पुलिस ने अभी तक क्या कुछ बताया
इस हादसे में मिस्त्री के साथ यात्रा कर रहे दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें कार चालक भी शामिल है। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घायलों से हादसे के बारे में अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी। कासा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा कासा थाना क्षेत्र में सूर्या नदी पुल पर चरोटी नाका में हुआ। मिस्त्री के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है।
(एजेंसी के इनपुट के साथ)