ऐप पर पढ़ें
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने खुदरा निवेशकों के लिए खुशखबरी दी है। अब खुदरा निवेशक RBI के रिटेल डायरेक्ट पोर्टल के माध्यम से फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड, 2020 (टैक्स योग्य) की खरीदारी कर सकते हैं। आरबीआई ने बयान में कहा, ”रिटेल डायरेक्ट पोर्टल के जरिये पेश किए जाने वाले उत्पादों की श्रृंखला का विस्तार करते हुए रिजर्व बैंक ने भारत सरकार के परामर्श से फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड्स, 2020 (कर-योग्य) यानी FRSB 2020 की खरीद को भी सक्षम बना दिया है।”
2021 में हुई थी लॉन्चिंग
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 नवंबर, 2021 को RBI-रिटेल डायरेक्ट योजना शुरू की थी। इस योजना ने निवेश की प्रक्रिया को सरल बनाकर सरकारी सिक्योरिटीज तक खुदरा निवेशकों की पहुंच को आसान कर दिया है। योजना के तहत व्यक्तिगत निवेशक ऑनलाइन पोर्टल की मदद से RBI के साथ एक रिटेल डायरेक्ट गिल्ट खाता खोल सकते हैं। उस खाते का इस्तेमाल करते हुए प्राइमरी और सेकेंडरी मार्केट्स में सरकारी सिक्योरिटी में निवेश किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- दशहरे पर 4% DA बढ़ाने का हुआ ऐलान, लाखों कर्मचारियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी
FRSB केंद्र सरकार की तरफ से जारी होने वाले ऐसे बॉन्ड हैं जिनका लेनदेन नहीं हो सकता है। यह बॉन्ड जारी होने की तारीख से सात साल बाद इनका भुगतान किया जाता है। इससे पहले खुदरा निवेशकों को इस पोर्टल के माध्यम से केंद्र सरकार की सिक्योरिटीज, ट्रेजरी बिल, राज्य सरकार की प्रतिभूतियों और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने की अनुमति थी।