ऐप पर पढ़ें
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले साल दिसंबर महीने में एक डील का ऐलान किया था। दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल कंपनी ने Lotus चॉकलेट में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की थी। इसके बाद Lotus चॉकलेट के शेयर में तेजी का जो सिलसिला शुरू हुआ लगातार दो महीने तक चला। हालांकि, अब बीते कुछ दिनों से Lotus चॉकलेट का शेयर रेंग रहा है।
23 दिसंबर, 2022 को Lotus चॉकलेट के शेयर ने ₹96 के स्तर से 9 फरवरी को ₹480.45 के रिकॉर्ड उच्च स्तर को टच किया। इसके बाद लगातार 9 कारोबारी दिन से यह शेयर गिर रहा है। इस अवधि में शेयर 37% गिर चुका है। बीएसई इंडेक्स पर फिलहाल शेयर का भाव लुढ़क कर 274.20 पर आ गया है। मार्केट कैप 352 करोड़ रुपये है। स्टॉक एक साल में 214% और छह महीने में 93% का रिटर्न दे चुका है।
बता दें कि दिसंबर में Lotus चॉकलेट में रिलायंस रिटेल ने 51% हिस्सेदारी के अधिग्रहण का ऐलान किया था। इसके बाद मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले समूह ने ₹115.50 प्रति शेयर की निश्चित कीमत पर चॉकलेट निर्माता में अतिरिक्त 26% हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक खुली पेशकश शुरू की है।
कितने की थी डील: रिलायंस इंडस्ट्रीज की एफएमसीजी फर्म रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) ने Lotus चॉकलेट में 51% हिस्सेदारी ₹74 करोड़ में हासिल की। रिलायंस समूह की दो फर्में – रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) और रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) मिलकर खुले बाजार से लोटस चॉकलेट के अतिरिक्त 33.38 लाख शेयरों का अधिग्रहण करेंगी। आरसीपीएल एफएमसीजी ब्रांच है और आरआरवीएल की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।
कैसे थे तिमाही नतीजे: चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में Lotus चॉकलेट ने ₹ 0.73 करोड़ का नेट लॉस दर्ज किया, जबकि शुद्ध बिक्री साल-दर-साल 41% घटकर ₹ 13.27 करोड़ रह गई।