ऐप पर पढ़ें
आईटी सेक्टर से जुड़ी कंपनी सोनाटा सॉफ्टवेयर (Sonata software) ने भारत में प्रीमियर टी20 महिला लीग से पहले मुंबई इंडियंस के साथ एसोसिएट पार्टनर के रूप में करार किया है। आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस, एशिया के सबसे रईस अरबपति मुकेश अंबानी की क्रिकेट टीम है। पुरुष प्रीमियर टी20 क्रिकेट लीग में मुंबई इंडियंस ने 5 बार खिताब जीता है। वहीं, यह सोनाटा सॉफ्टवेयर की पहली क्रिकेट स्पॉन्सरशिप है। इसके तहत सोनाटा सॉफ्टवेयर का लोगो खिलाड़ियों की किट पर प्रमुखता से दिखाई देगा।
शेयर में तूफानी तेजी: इस बीच, शेयर बाजार में लिस्टेड सोनाटा सॉफ्टवेयर के शेयर में बुधवार को तूफानी तेजी आई। यह शेयर बीएसई इंडेक्स पर 769.90 रुपये के स्तर पर ठहरा। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर में 5.93% की तेजी रही। वहीं, ट्रेडिंग के दौरान यह शेयर 789.95 रुपये के स्तर तक गया। यह एक दिन पहले के मुकाबले 8 प्रतिशत की तेजी को दिखाता है। कंपनी का मार्केट कैप 10,794.95 करोड़ रुपये था।
एक्सपर्ट को भरोसा: सोनाटा सॉफ्टवेयर के शेयर पर घरेलू ब्रोकरेज को भरोसा है। यही वजह है कि ICICI डायरेक्ट ने शेयर को खरीदने की सलाह दी है। इसके साथ ही टारगेट प्राइस 835 रुपये तय किया है। वर्ष 1994 में आई यह एक मिड कैप कंपनी है जो आईटी सॉफ्टवेयर सेक्टर में काम कर रही है। दिसंबर तिमाही में कंपनी ने 2277.33 करोड़ की कुल आय दर्ज की थी। यह पिछले वर्ष की समान अवधि से 21.57 % अधिक है।
मुंबई इंडियंस के बारे में: इंडियन प्रीमियर लीग टी20 क्रिकेट में मुंबई इंडियंस सबसे सफल टीम है। इस टीम में पुरुष टीम ने 5 खिताब जीते हैं और अब महिला टीम इस साल डेब्यू करने वाली है। मुंबई इंडियंस की महिला टीम 4 मार्च 2023 को डीवाई पाटिल स्टेडियम में पहला मैच खेलेगी।