ऐप पर पढ़ें
जेम्स मर्डोक के ज्वाइंट वेंचर बोधि ट्री ने मुकेश अंबानी की रिलायंस के ब्रॉडकास्ट वेंचर Viacom18 में अपने नियोजित निवेश को 70% कम कर दिया है। वहीं, अब 43.06 अरब रुपये (527.84 मिलियन डॉलर) डालने की योजना बनाई है। बता दें कि पिछले साल रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बताया था कि कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी समर्थित बोधि ट्री, Viacom18 में 151.45 अरब रुपये के नियोजित निवेश में से 135 अरब रुपये खर्च करेगी। इस लिहाज से 108.39 अरब रुपये की कटौती की गई है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि मंदी के बीच व्यापक फंडिंग संकट के कारण निवेश राशि कम की गई थी। आपको बता दें कि मंदी की वजह से ग्लोबली विलय और अधिग्रहण (एमएंडए) गतिविधि सुस्त पड़ गई है। 2023 की पहली तिमाही में यह 10 साल से भी ज्यादा के निचले स्तर पर आ थी। दरअसल, बढ़ती ब्याज दरें, उच्च मुद्रास्फीति और मंदी की आशंका की वजह से कंपनियां सतर्क हो गई हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की बात करें तो रिटेल से लेकर ई-कॉमर्स तक, लगभग हर सेक्टर में विस्तार कर रहा है। इस कंपनी ने हाल ही में 2023 से 2027 तक इंडियन प्रीमियर लीग टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकारों का अधिग्रहण पूरा किया है।
वर्तमान में दर्शकों के लिए वायकॉम18 के स्वामित्व वाले जियोसिनेमा पर सभी मैच मुफ्त में स्ट्रीम किए जा रहे हैं।