जालसाज, लोगों को चपत लगाने के लिए लगातार नए-नए तरीके ढूंढ रहे हैं। जालसाज, बैंकों और कंपनियों को भी निशाना बनाते आए हैं। ऐसे ही एक नया मामले में जालसाजों ने एक बैंक को बड़ी चपत लगाई है। साइबर क्रिमिनल्स ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली शहर में एक कोऑपरेटिव बैंक (सहकारी बैंक) के सर्वर को हैक करके 1.51 करोड़ रुपये से ज्यादा की चपत लगा दी है। यह जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी है।
हैकर्स ने लगाई 1,51,96,854 रुपये की चपत
पुलिस ने बताया है कि अज्ञात हैकर्स ने 12 मार्च को कोऑपरेटिव बैंक (सहकारी बैंक) का सर्वर हैक कर लिया और बैंक के डेटा के साथ छेड़छाड़ की। जालसाजों ने सर्वर को हैक करने के बाद 1,51,96,854 रुपये की चपत लगा दी है। पुलिस ने बताया है कि मानपाड़ा थाने में इस बारे में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की संबंधित धारा और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 65 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है और अभी तक इस केस में किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें- इन 3 शेयरों में आ सकती है जबर्दस्त तेजी, शॉर्ट टर्म में बन सकता है अच्छा पैसा