ऐप पर पढ़ें
उपभोक्ता इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी वी-गार्ड इंडस्ट्रीज (V-Guard) ने सनफ्लेम एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। यह डील 660 करोड़ रुपये की है। बता दें कि सनफ्लेम के गैस स्टोव, प्रेशर कुकर समेत कई अप्लायंस अधिकतर घरों के किचन में मौजूद रहते हैं। एसईपीएल की अपने सनफ्लेम ब्रांड के तहत मौजूदगी है।
डील की डिटेल: V-Guard के मुताबिक यह डील कैश फ्री, डेट फ्री आधार पर होगा। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि ट्रांजैक्शन जनवरी 2023 के मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है। इस डील के लिए डेलॉयट Touche Tohmatsu India, सिरिल अमरचंद मंगलदास और सिंघी एडवाइजर्स ने वी-गार्ड को क्रमशः वित्तीय, कानूनी और लेनदेन सलाहकार सेवाएं प्रदान कीं। इस डील के बाद बीएसई में वी-गार्ड इंडस्ट्रीज के शेयर 4.19 प्रतिशत बढ़कर 259.80 रुपये पर बंद हुए।
V-Guard के प्रबंध निदेशक मिथुन चिटिलाप्पिल्ली ने कहा कि हम सनफ्लेम ब्रांड को अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एसईपीएल के प्रमोटर परिवार द्वारा जताए गए भरोसे की तारीफ करते हैं।
वहीं, एसईपीएल के एमडी केएल वर्मा ने कहा- हमें सनफ्लेम की विरासत पर गर्व है, हमने लगभग चार दशकों तक अपने ग्राहकों का विश्वास जीता और बरकरार रखा है। 1984 में इस यात्रा को शुरू करने के बाद अब तक हम हर घर के किचन में मौजूद हैं।