भारतीय शेयर बाजार के लिए सप्ताह के शुरुआती दो कारोबारी दिन उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। सोमवार को बाजार में जबरदस्त बिकवाली रही तो मंगलवार को तगड़ी रिकवरी दर्ज की गई। सोमवार को सेंसेक्स 900 अंक तक टूट गया तो वहीं, मंगलवार को यह 1600 अंक तक रिकवर हुआ।
मंगलवार को क्लोजिंग: सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स 1600 अंक तक या 2.70% तक की रिकवरी के साथ 59,550 अंक के पार बंद हुआ। इस दौरान बीएसई इंडेक्स के सभी 30 स्टॉक ग्रीन जोन में थे। सबसे तगड़ी बढ़त बजाज ग्रुप की कंपनियों में रही। बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व, दोनों की कुल बढ़त 10 फीसदी से ज्यादा की रही। इसके अलावा इंडसइंड बैंक समेत अन्य बैंकिंग, टेक से जुड़ी कंपनियों के स्टॉक ने भी छलांग लगाई।
मार्केट कैपिटल: बीएसई पर सभी सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सोमवार को 274.56 लाख करोड़ रुपये से 5.73 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 280.35 लाख करोड़ रुपये हो गया, क्योंकि सेंसेक्स 1,600 अंक और निफ्टी 50 17,700 के स्तर से ऊपर चढ़ गया।
सोमवार को बाजार का हाल: बीते सोमवार को सेंसेक्स 861.25 अंक यानी 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,972.62 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,466.4 अंक तक लुढ़क गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 246 अंक यानी 1.4 प्रतिशत नुकसान के साथ 17,312.90 अंक पर बंद हुआ।