रूस और यूक्रेन के बीच सैन्य संघर्ष के कारण बीएसई के मानक सूचकांक सेंसेक्स में गिरावट जारी है। मार्च के शुरुआती चार सत्रों में ही सेंसेक्स के निवेशकों को 11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है।
बीएसई पर मौजूद डाटा के अनुसार, 28 फरवरी को सेंसेक्स का बाजार पूंजीकरण 252.39 लाख करोड़ रुपये था, जो सात मार्च को घटकर 241.10 लाख करोड़ रुपये रह गया है। इस प्रकार मार्च के चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स के बाजार पूंजीकरण में 11.28 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। मार्च में अभी तक दो, तीन, चार और सात तारीख को ही सेंसेक्स में कारोबार हुआ है।
3404 अंक गिरा सेंसेक्स: मार्च के पहले चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 3404.53 अंकों की गिरावट आई है। डाटा के अनुसार 28 फरवरी को सेंसेक्स 56,247.75 अंकों पर बंद हुआ था। सोमवार को यह 1491.06 अंकों की गिरावट के साथ 52,842.75 अंकों पर बंद हुआ। हालांकि, दिनभर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 52,367.10 अंक के निचले स्तर तक भी गोता लगाया था। 2022 में पहली बार सेंसेक्स 53 हजार अंकों के स्तर से नीचे बंद हुआ है।
सेंसेक्स के टॉप लूजर
कंपनी गिरावट (%में)
Exit Poll: UP के महापोल में भी BJP 250 के पार, SP पिछड़ी और BSP बदहाल
सबसे ज्यादा गिरावट वाले सूचकांक
बीएसई के विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में रियल्टी, बैंक, वित्त और वाहन में काफी नुकसान देखा गया। रियल्टी में 5.31 प्रतिशत, बैंक में 4.59 प्रतिशत, वित्त में 4.35 प्रतिशत और वाहन में 4.02 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
विदेशी बाजारों का हाल
सोमवार को विदेशी बाजारों में भी गिरावट रही। फ्रांस का सीएसी-40 शुरुआती कारोबार में 3.6 फीसदी की गिरावट के साथ 5,841.82 पर रहा, जबकि जर्मनी का डीएएक्स करीब 4.1 फीसदी की गिरावट के साथ 12,564.78 पर आ गया। ब्रिटेन का एफटीएसई-100 दो प्रतिशत गिरकर 6,848.87 पर आ गया। अमेरिकी में डाउ वायदा 1.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 33,048 पर था। एसएंडपी-500 वायदा 1.7 फीसदी गिरकर 4,252 पर आ गया।
विदेशी निवेशकों ने 17 हजार करोड़ से ज्यादा निकाले
मार्च में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) लगातार बिकवाल बने हुए हैं। पहले तीन कारोबार सत्रों में ही एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजारों से 17,537 करोड़ रुपये की निकासी की है। इसमें से 7,631.02 करोड़ रुपये की निकासी केवल बीते शुक्रवार को ही की।