ऐप पर पढ़ें
फ्लॉप आईपीओ के एक साल बाद पेटीएम की पैरेंट कंपनी-वन97 कम्युनिकेशंस शेयर बायबैक लाने के मूड में है। कंपनी ने बताया है कि अगले सप्ताह 13 दिसंबर, 2022 को निदेशक मंडल की बैठक में शेयर बायबैक पर मंथन होगा। आपको बात दें कि कंपनी के पास ₹9,182 करोड़ की लिक्विडिटी है।
शेयर बाजार को दी जानकारी में कंपनी ने कहा-बैठक में पूरी तरह से भुगतान किए गए इक्विटी शेयरों के बायबैक के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। वन97 कम्युनिकेशंस के मुताबिक मैनेजमेंट का मानना है कि कंपनी की मौजूदा लिक्विडिटी/वित्तीय स्थिति को देखते हुए बायबैक हमारे शेयरधारकों के लिए फायदेमंद हो सकती है।
क्या है मायने: आपको बता दें कि एक शेयर बायबैक के तहत कंपनी अपने ही निवेशकों से शेयर खरीदती है। आमतौर पर यह खरीदारी प्रीमियम प्राइस पर की जाती है। यह बायबैक लिक्विडिटी के संतुलन के लिए की गई कॉर्पोरेट कार्रवाई का हिस्सा होता है। इसका फायदा पेटीएम के निवेशकों को मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
फ्लॉप रहा आईपीओ: साल 2021 में पेटीएम का आईपीओ लॉन्च हुआ और इसके बाद कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई। बीते दिनों एक रिपोर्ट में बताया गया था कि पेटीएम का आईपीओ पिछले एक दशक का सबसे फ्लॉप साबित हुआ है। अब तक यह शेयर इश्यू प्राइस 2150 रुपये के स्तर तक नहीं जा सका है। एक साल में यह अपने इश्यू प्राइस से 75% तक लुढ़क चुका है।