वैसे तो भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को बिकवाली का माहौल रहा लेकिन कई ऐसे भी स्टॉक थे, जिसकी जबरदस्त खरीदारी हुई है। ऐसा ही एक स्टॉक Orient Bell का है। कारोबार के दौरान Orient Bell के स्टॉक ने करीब 18 फीसदी की तेजी देखी है। बहरहाल, आइए जानते हैं कि स्टॉक का भाव कहां तक गया है और इसमें इतनी बड़ी तेजी की वजह क्या है।
Orient Bell का स्टॉक: ओरिएंट बेल का स्टॉक बीएसई पर 579.55 रुपये के पिछले बंद के मुकाबले 18.54 प्रतिशत चढ़कर 687 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, यह 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर जाने से मामूली अंतर से चूक गया। 2 जून 2022 को Orient Bell के शेयर का भाव 687.55 रुपये के स्तर तक गया था, जो 52 सप्ताह का उच्चतम है।
बहरहाल, बुधवार को कारोबार के अंत में Orient Bell के स्टॉक का भाव 660.70 रुपये के स्तर पर था। यह एक दिन पहले के मुकाबले 14 फीसदी की तेजी को दिखाता है। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 953 करोड़ रुपये के करीब है। बीते एक साल में ओरिएंट बेल का स्टॉक 113.4 फीसदी चढ़ा है। वहीं, इस साल की शुरुआत से 93.4 फीसदी की ग्रोथ आई है।
ये पढ़ें- ईशा अंबानी संभालेंगी रिलायंस रिटेल की बागडोर! साइकोलॉजी से की पढ़ाई, Jio में बड़ी भूमिका है निभाई
तेजी की वजह क्या है: Orient Bell ने 20 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय वाली दो परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की घोषणा की है। कंपनी ने बताया है कि सिकंदराबाद (यूपी) में जीवीटी टाइल प्लांट की क्षमता में 0.7 मिलियन वर्ग मीटर (एमएसएम) प्रति वर्ष की वृद्धि हुई है। वहीं, डोरा प्लांट (गुजरात) को सिरेमिक फ्लोर से विट्रिफाइड फ्लोर में बदला गया है।
इस बीच, क्रिसिल ने Orient Bell के डेट इंस्ट्रूमेंट्स की रेटिंग को अपग्रेड किया है, जिससे निवेशक भी इस शेयर को लेकर उत्साहित हैं। रेटिंग एजेंसी का मानना है कि Orient Bell को अपनी स्थापित बाजार स्थिति और आरामदायक वित्तीय जोखिम प्रोफाइल से लाभ मिलता रहेगा।
ये पढ़ें-वॉल्टन परिवार, जिसका मॉडल मुकेश अंबानी को है पसंद, बंटवारे में कर रहे फॉलो!
आपको बता दें कि करीब 4 दशक से सक्रिय Orient Bell टाइल की अग्रणी ब्रांड है। वहीं, सेरामिक और विट्रिफाइड टाइलों की निर्माता है।
(डिस्क्लेमर: यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)