IPO News: आईपीओ मार्केट (IPO market) में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। पेटीएम (Paytm), जोमैटो (Zomato), नायका (Nykaa) जैसी न्यू एज टेक कंपनियों के आईपीओ ने निवेशकों के सारे अरमान पर पानी फेर दिया। इसके बाद बाजार के निवेशकों ने एक बार फिर अडानी विल्मर (Adani wilmar) के आईपीओ पर भरोसा करने की हिम्मत दिखाई, लेकिन अब वह भी टूटती हुई दिख रही है। आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन में अडानी विल्मर के शेयर करीब 8 फीसदी तक लुढ़क गया। कंपनी के शेयर एनएसई पर 326.20 रुपये पर बंद हुए।
5 कारोबारी दिन में 16 फीसदी का नुकसान
पिछले पांच कारोबारी दिन में अडानी ग्रुप के इस शेयर (Adani wilmar share price) पर बिकवाली हावी है और यह शेयर 16.05 फीसदी तक टूट चुका है। बता दें कि अडानी विल्मर के शेयरों की लिस्टिंग 8 फरवरी को हुई थी। स्टॉक मार्केट में इसकी लिस्टिंग फ्लैट रही थी। अडानी विल्मर के आईपीओ का प्राइस बैंड 218-230 रुपये था। कंपनी के शेयर पहले दिन बीएसई पर करीब 4 फीसदी के डिस्काउंट के साथ 221 रुपये पर लिस्ट हुए थे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में कंपनी के शेयर 1 फीसदी डिस्काउंट के साथ 227 रुपये पर लिस्ट हुए थे। हालांकि, बाद में लगातार दो दिनों तक अपर सर्किट में फंसा रहा। 10 फरवरी को यह स्टाॅक 419.90 रुपये के स्तर तक पहुंचा गया था। तब से अब तक यह शेयर 22 फीसदी गिरा है। यानी कि अपने रिकाॅर्ड हाई से यह शेयर 93 रुपये तक टूट चुका है।
यह भी पढ़ें- मोदी सरकार के एक फैसले के बाद इस स्टाॅक पर एक्सपर्ट फिदा, आप लगा सकते हैं दांव, ₹366 पर पहुंचेगा शेयर
Paytm का हुआ बुरा हाल
अगर न्यू एज टेक कंपनियों की बात की जाय तो आज इन तीनों की कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखी गई। पेटीएम और नायका के शेयर तो अपने आॅल टाइम लो लेवल पर पर पहुंच चुकी है। आज पेटीएम के शेयर नीचले स्तर पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर आज बीएसई पर 3 फीसदी तक टूटकर 801 रुपये पर बंद हुए। पेटीएम के शेयरों की लिस्टिंग 18 नवंबर 2021 को हुई थी। कंपनी के शेयर बीएसई (BSE) पर 1955 रुपये यानी 9.07 फीसदी डिस्काउंट के साथ पर लिस्ट हुए थे। इसका इश्यू प्राइस 2150 रुपये था। एनएसई (NSE) पर कंपनी का शेयर 9.3 फीसदी डिस्काउंट के साथ 1,950 रुपये पर लिस्ट हुआ था। लिस्टिंग डे अब तक इस शेयर में 58 फीसदी तक टूट चुका है।
यह भी पढ़ें- इस मल्टीबैगर स्टाॅक पर खेल सकते हैं दांव, अगले 6 महीने में पहुंचेगा 3,000 रुपये के पार, एक्सपर्ट हैं बुलिश
Nyakaa-Zomato भी नुकसान में
पेटीएम के अलावा नायका, जोमैटो, पाॅलिसी बाजार के शेयरों में भी आज बड़ी गिरावट रही। नायका का शेयर आज 5.12% टूट और 1327.60 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, जोमैटो के शेयर में 5.17% की गिरावट आई और यह 81.55 रुपये पर आ गई है। पॉलिसी बाजार (PB Fintech Ltd) के शेयर आज 3.30% टूट कर अपने आॅल टाइम लो 718.05 रुपये के करीब पहुंच गई। कंपनी के शेयर आज 726.70 रुपये पर बंद हुए हैं।