भारत में अमेरिका की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला के भविष्य को लेकर कन्फ्यूजन बरकरार है। इस बीच, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने भारत को लेकर अपनी शर्त सार्वजनिक कर दी है। एलन मस्क की बातों से स्पष्ट हो गया है कि वह भारत में पहले टेस्ला की कारों की बिक्री चाहते हैं, इसके बाद ही मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने पर विचार करेंगे।
क्या है मामला: दरअसल, ट्विटर पर एलन मस्क से एक यूजर ने यह सवाल पूछा कि क्या टेस्ला भविष्य में भारत में प्लांट लगा रही है? इस सवाल के जवाब में एलन मस्क ने कहा- टेस्ला किसी भी ऐसे स्थान पर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट नहीं लगाएगी, जहां हमें पहले कारों को बेचने और सर्विस करने की अनुमति नहीं है।
ये पढ़ें-झटका: घर बनाना हुआ महंगा! सीमेंट के दाम 55 रुपये तक बढ़ाएगी ये कंपनी
आपको बता दें कि भारत सरकार एलन मस्क को भारत में टेस्ला के प्लांट लगाने पर जोर दे रही है। बीते दिनों केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी कहा था कि टेस्ला भारत में अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाती है, तो कोई समस्या नहीं है, लेकिन कंपनी को चीन से कारों का आयात नहीं करना चाहिए। वहीं, टेस्ला चाहती है कि वह भारत में पहले आयातित कारों की बिक्री करे। इसके लिए कंपनी भारत सरकार से आयात शुल्क कम करने की भी मांग कर रही है।
संबंधित खबरें
स्टारलिंक पर मंजूरी का इंतजार: एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक के भविष्य को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए बताया कि स्टारलिंक को सरकार की मंजूरी का इंतजार है। बता दें कि स्टारलिंक भारत में उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवाएं देने की तैयारी में है। यह एलन मस्क की अगुवाई वाली स्पेसएक्स की उपग्रह ब्रॉडबैंड इकाई है।
बीते दिनों भारत सरकार ने स्टारलिंक के खिलाफ एडवाइजरी भी जारी की थी। इस एडवाइजरी में बताया गया था कि स्टारलिंक इंटरनेट सर्विसेज के पास भारत में उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवाएं देने का लाइसेंस नहीं है।