HomeShare Marketदिवालिया कंपनी को रामदेव की पतंजलि ने दी थी संजीवनी, अब FPO...

दिवालिया कंपनी को रामदेव की पतंजलि ने दी थी संजीवनी, अब FPO को मिली मंजूरी

साल 2019 में योगगुरु रामदेव के पतंजलि समूह ने दिवालिया कंपनी रुचि सोया का अधिग्रहण किया था। इसके बाद कंपनी के शेयर रॉकेट की तरह भागे और अब रुचि सोया को लेकर नई खबर है।

दरअसल, रुचि सोया के बोर्ड ने करीब 4,300 करोड़ रुपये के फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) के लिए रेड-हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) को मंजूरी दी है। कंपनी के मुताबिक इश्यू 24 मार्च को खुलेगा और 28 मार्च 2022 को बंद हो जाएगा। 

जानकारी के मुताबिक एफपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग रुचि सोया के कारोबार को आगे बढ़ाने के अलावा कुछ बकाया ऋणों के पुनर्भुगतान और अन्य सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। आपको बता दें कि रुचि सोया ने जून 2021 में ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया था। वहीं, अगस्त 2021 में, रुचि सोया को एफपीओ लॉन्च करने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिली थी। 

इस समय रुचि सोया में प्रमोटरों की करीब 99 फीसदी हिस्सेदारी है। एफपीओ के जरिए रुचि सोया कम से कम 9 फीसदी हिस्सेदारी बेच सकती है। 

ये पढ़ें-जिंदल की कंपनी ने मुनाफा बांटने का किया ऐलान, अचानक बढ़ गई शेयर की खरीदारी 

रुचि सोया का ब्रांड नाम न्यूट्रेला है, जो भारत में सोया खाद्य पदार्थों में अग्रणी है। इसे रुचि सोया ने 1980 के दशक में लॉन्च किया था। इसके पास महाकोश, सनरिच, रुचि गोल्ड जैसे ब्रांड भी हैं।

रुचि सोया के शेयर का हाल: रुचि सोया के शेयर की बात करें तो शुक्रवार को कंपनी का शेयर भाव मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। फिलहाल, शेयर की कीमत 0.16 फीसदी बढ़त के साथ 803.70 रुपए है।

RELATED ARTICLES

Most Popular