ऐप पर पढ़ें
आईटी सेक्टर की अमेरिकी कंपनी कॉग्निजेंट (Cognizant) ने जनवरी-मार्च तिमाही में सालाना आधार पर नेट प्रॉफिट 3 प्रतिशत बढ़ने का ऐलान करते हुए करीब 3500 कर्मचारियों की नौकरी जाने की भी आशंका जताई। भारत में मजबूत उपस्थिति रखने वाली सलाहकार कंपनी Cognizant ने एक बयान में कहा कि पुनर्गठन योजना नेक्स्टजेन के तहत करीब 3500 कर्मचारियों के प्रभावित होने की संभावना है। यह कंपनी के कुल 3.51 लाख कर्मचारियों का करीब एक प्रतिशत होगा।
कंपनी ने अपने परिचालन मॉडल को आसान बनाने, कामकाज में सुधार और हाइब्रिड मॉडल के अनुरूप कार्यस्थल जरूरतों को देखते हुए पिछले साल नेक्स्टजेन कार्यक्रम शुरू किया था। इसका असर कर्मचारियों की संख्या में कटौती के रूप में आने की आशंका है।
कैलेंडर वर्ष 2023 की पहली तिमाही के अंत में Cognizant के कर्मचारियों की संख्या दिसंबर 2022 तिमाही की तुलना में 3800 घटकर 3.51 लाख रही है। हालांकि तिमाही में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर घटकर 23 प्रतिशत पर आ गई जबकि दिसंबर तिमाही में यह 26 प्रतिशत रही थी।
कंपनी का नेट प्रॉफिट: Cognizant ने जनवरी-मार्च तिमाही में अपना नेट प्रॉफिट 58 करोड़ डॉलर रहने की जानकारी दी जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह 56.3 करोड़ डॉलर रहा था। हालांकि, इस अवधि में कंपनी का राजस्व हल्की गिरावट के साथ 481.2 करोड़ डॉलर पर आ गया। कंपनी ने वर्ष 2023 के समूचे वित्त वर्ष में 19.2 अरब डॉलर की राजस्व आय होने की संभावना जताई है।
इस साल जनवरी में Cognizant के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनने वाले रवि कुमार एस ने कहा कि कंपनी के पास वृद्धि दर्ज करने के लिए मजबूत आधार मौजूद है।