गौतम अडानी का अडानी समूह सऊदी अरब में संभावित साझेदारियां तलाश रहा है। इसके लिए अडानी समूह ने सऊदी अरामको से बात की है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक अडानी समूह दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक अरामको में हिस्सेदारी खरीदने की संभावना भी तलाश रहा है।
आपको बता दें कि मुकेश अंबानी की रिलायंस और अरामको के बीच भी डील हुई थी। हालांकि, बाद में रिलायंस ने अरामको को अपनी तेल रिफाइनरी और पेट्रोरसायन कारोबार में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के प्रस्तावित 15 अरब डॉलर के सौदे के पुनर्मूल्यांकन की घोषणा कर दी।
शुरुआती बातचीत हो रही: जानकारी के मुताबिक अडानी समूह ने सऊदी अरामको और देश के सार्वजनिक निवेश कोष यानी पीआईएफ के साथ संभावित सहयोग और संयुक्त निवेश के अवसरों पर प्रारंभिक बातचीत की है। अरामको में पीआईएफ की हिस्सेदारी का हिस्सा खरीदने के विचार पर चर्चा की है। अडानी समूह की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
ये पढ़ें-केंद्रीय कर्मचारी से किसान तक, अगले कुछ दिन में करोड़ों लोगों को मिलेगी खुशखबरी
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अडानी के अरामको के शेयर के लिए अरबों डॉलर नकद खर्च करने की संभावना नहीं है। लेकिन कम से कम अल्पावधि में, यह एक निवेश को व्यापक टाई-अप या एसेट स्वैप सौदे से जोड़ने की कोशिश कर सकता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया है कि विचार-विमर्श प्रारंभिक चरण में है।
अडानी की दौलत: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी दुनिया के अमीरों की सूची में 11वें स्थान पर हैं। गौतम अडानी की दौलत 3.19 बिलियन डॉलर बढ़कर 90.5 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। अडानी एशिया के दूसरे सबसे रईस अरबपति हैं।