सरकारी कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए प्रति शेयर 1.58 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा की है। रेल विकास निगम के शेयर बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में 1.07 फीसदी की तेजी के साथ 33.15 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। अंतरिम डिविडेंड के लिए 25 मार्च 2022 रिकॉर्ड डेट है। कंपनी ने कहा है कि अंतरिम डिविडेंड का पेमेंट 14 अप्रैल 2022 को या उससे पहले कर लिया जाएगा।
कंपनी के शेयरों में 8 फीसदी से ज्यादा का उछाल
पीएसयू रेलवे स्टॉक में इस साल अब तक करीब 6 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं, एक साल की अवधि में कंपनी के शेयरों में 8 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है। रेल विकास निगम लिमिटेड एक पीएसयू कंपनी है और यह रेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए बिजनेस में है। 31 दिसंबर 2021 तक के आंकड़े के मुताबिक, रेलवे कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 78.2 फीसदी है।
यह भी पढ़ें- गौतम अडानी के नाम बड़ी उपलब्धि, एक साल में सबसे अधिक बढ़ी संपत्ति, हर सप्ताह ₹6,000 करोड़ की कमाई
2 साल में ढाई गुना से ज्यादा हो गया स्टॉक
रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयर 27 मार्च 2020 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में 12.75 रुपये के स्तर पर थे। कंपनी के शेयर 16 मार्च 2022 को 33.15 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। यानी, 2 साल में कंपनी के स्टॉक ढाई गुना से ज्यादा चढ़ गए। अगर किसी व्यक्ति ने 2 साल पहले कंपनी के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते और अपने निवेश को बनाए रखा होता तो मौजूदा समय में यह पैसा 2.60 लाख रुपये होता। यानी, 1.60 लाख रुपये का मुनाफा होता। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 44.75 रुपये है। वहीं, 52 हफ्ते का लो-लेवल 26.35 रुपये है। सरकारी कंपनी का मार्केट कैप करीब 6,910 करोड़ रुपये का है।
यह भी पढ़ें- इन 3 शेयरों में आ सकती है जबर्दस्त तेजी, शॉर्ट टर्म में बन सकता है अच्छा पैसा