शेयर बाजार के बिग बुल राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में कई स्टॉक हैं जो तगड़ा रिटर्न दे रहे हैं। ऐसा ही एक स्टॉक डीबी रियल्टी है। बीते फरवरी महीने में धांसू परफॉर्मेंस के बाद एक बार फिर ये स्टॉक निवेशकों को मालामाल कर रहा है। सिर्फ 4 कारोबारी दिन में डीबी रियल्टी के निवेशकों को 25 फीसदी से ज्यादा रिटर्न मिल गया है।
दरअसल, इस सप्ताह सिर्फ 4 दिन शेयर बाजार में कारोबार हुआ है। इन 4 दिनों में डीबी रियल्टी के स्टॉक पर लगातार अपर सर्किट लगा है। आपको बता दें कि शिवरात्रि की वजह से मंगलवार के दिन बाजार बंद थे।
कितना है स्टॉक प्राइस: बीएसई इंडेक्स पर डीबी रियल्टी का स्टॉक प्राइस 110.05 रुपए है। बीते 14 फरवरी को स्टॉक का प्राइस 133.85 रुपए था, जो 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर है। इसके बाद स्टॉक में मुनाफावसूली हावी रही। निवेशकों को शेयर बेचकर मुनाफा कमाए और शेयर का भाव 100 रुपए से भी नीचे आ गया। फिलहाल, कंपनी का मार्केट कैपिटल 2,677.06 करोड़ रुपए है।
अनिल अंबानी की कंपनी की रिकवरी, 5 दिन में निवेशकों को मिला तगड़ा रिटर्न
क्या कहते हैं एक्सपर्ट: प्रॉफिटमार्ट सिक्योरिटीज के अविनाश गोरक्षकर के मुताबिक बाजार इस खबर से उत्साहित है कि राकेश झुनझुनवाला समर्थित कंपनी डीबी रियल्टी Viacom18 की 30,000 करोड़ रुपये के हिस्सेदारी की बिक्री के जरिए विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने वाली है। अल्पावधि में स्टॉक में तेज उछाल की उम्मीद है, जानकारों ने इस स्टॉक को 140 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है।
वहीं, आईआईएफएल सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा, “यह स्टॉक रिकवरी कर रहा है। हम तेज उछाल की उम्मीद कर रहे हैं और नए निवेशकों को इस स्टॉक में निवेश की सलाह दे रहे हैं। 87 रुपए के स्तर पर स्टॉप लॉस बनाने की सलाह दी गई है।”
राकेश झुनझुनवाला की हिस्सेदारी: डीबी रियल्टी शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, राकेश झुनझुनवाला ने अपनी पत्नी रेखा झुनझुनवाला के माध्यम से इस रियल एस्टेट कंपनी में निवेश किया है। इनकी कंपनी में 2.06 प्रतिशत हिस्सेदारी है।