Share Market Live Update: देश की अर्थव्यवस्था के पटरी पर आने के संकेतों के बीच बाजार की नजर पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों पर है। आज जीडीपी के आंकड़े जारी किए जाएंगे। इससे पहले शेयर बाजार की शुरुआत आज कमजोरी के साथ हुई। बीएसई का 30 स्टॉक्स वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 303 अंकों के नुकसान के साथ 55622 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज के दिन के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ की।
शुरुआती कारोबार में निफ्टी 91 अंकों की गिरावट के साथ 16569 के स्तर पर था। सेंसेक्स भी 400 अंक लुढ़क कर 55525 के स्तर पर आ गया था। सेंसेक्स में पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस, टाटा स्टील और एनटीपीसी को छोड़ सभी स्टॉक्स लाल निशान पर थे।
तीन कारोबारी सत्रों में निवेशकों को 10.19 लाख करोड़ रुपये का फायदा
शेयर बाजारों में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से जारी तेजी से निवेशकों की संपत्ति 10.19 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 1,041.08 अंक यानी 1.90 प्रतिशत बढ़कर 55,925.74 अंक पर बंद हुआ। तीन दिनों में मानक सूचकांक 2,176.48 अंक चढ़ा है। शेयर बाजार में तेजी से बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 10,19,936.84 करोड़ रुपये बढ़कर 2,58,47,092.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
संबंधित खबरें