हाल के दिनों में कई इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने के मामले सामने आए हैं। इस पर बजाज ऑटो के एमडी राजीव बजाज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए हैं।
क्या कहा राजीव बजाज ने: उन्होंने कहा, ‘‘मुद्दा आग ही नहीं है। ऐसी घटनाएं पेट्रोल और डीजल इंजन वाले वाहनों में भी हुई हैं। मुद्दा मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी प्रक्रिया है।’’ राजीव बजाज ने आगे कहा कि जो बात मुझे सबसे ज्यादा चिंतित करती है वह उस माहौल के बारे में है, जिसने इस पागल भीड़ को बढ़ावा दिया है।
राजीव बजाज ने सवाल पूछा कि जिन लोगों का इलेक्ट्रिक वाहन से कोई लेनादेना नहीं है, वे इस व्यवसाय में आने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? यह तय किया जाना चाहिए। हो सकता है, सरकार में संबंधित अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक वाहन के लिए नियमों में ढील दी हो। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ हद तक प्रोत्साहनों के कारण भी हो सकता है।
संबंधित खबरें
महाराष्ट्र में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट: राजीव बजाज ने ये बातें महाराष्ट्र के पुण स्थित अकुर्दी में अपने इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के उद्घाटन के मौके पर कहीं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि चेतक टेक्नोलॉजी लिमिटेड और उसके विक्रेता साझेदार इस नए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में लगभग 750 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।
ये पढ़ें-आर्थिक मोर्च पर अच्छी खबर, अप्रैल में IIP ग्रोथ आठ माह के उच्चतम स्तर पर
कंपनी ने कहा कि 6.5 एकड़ भूमि में फैले पांच लाख इकाई वार्षिक क्षमता वाले दोपहिया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का लक्ष्य घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों की जरूरतों को पूरा करना है। आपको बता दें कि बजाज ने अक्टूबर 2019 में अपने प्रतिष्ठित चेतक स्कूटर को इलेक्ट्रिक अवतार में वापस पेश किया था।