ऐप पर पढ़ें
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। असल में नैसेंट इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एम्प्लॉइज सीनेट (NITES) ने श्रम और रोजगार मंत्रालय में TCS के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। इस शिकायत में आरोप लगाया गया कि TCS अपने 2000 से अधिक कर्मचारियों को अनुचित तरीके से अलग-अलग शहरों में ट्रांसफर करने के लिए मजबूर कर रही है। NITES ने श्रम मंत्रालय से संभावित श्रम संहिता के उल्लंघन पर गौर करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही TCS के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
नए नियम बनाने की अपील: लाइव मिंट की खबर के मुताबिक NITES के हरप्रीत सिंह ने कहा कि हम मंत्रालय से आईटी कर्मचारियों को अनैतिक ट्रांसफर करने को लेकर नई नीतियां और नियम बनाने का भी अनुरोध करते हैं। 15 नवंबर की शिकायत के अनुसार, इन जबरन ट्रांसफर से श्रमिकों और उनके परिवारों दोनों को काफी परेशानी हो रही है। NITES ने कहा-उसे कर्मचारियों से 180 से अधिक शिकायतें मिली हैं।
TCS के एक अधिकारी ने मिंट को बताया है कि ये तबादले नियमित होते हैं। हालांकि, कंपनी की ओर से इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। NITES ने तबादलों के संबंध में TCS के कम्युनिकेशन में स्पष्टता की कमी पर भी जोर दिया है। इसने पहले टीसीएस पर नई नियुक्तियों में देरी करने का आरोप लगाया गया था और प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे की मांग की गई थी।