देश के सीमेंट कारोबार में दबदबा बढ़ाने के बाद अब गौतम अडानी ने 13 अरब डॉलर कीमत के शेयर गिरवी रख दिए हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक ड्यूश बैंक एजी की हांगकांग शाखा ने बताया है कि सीमेंट कंपनी- एसीसी की 57 फीसदी और अंबुजा सीमेंट की 63 फीसदी हिस्सेदारी को कुछ उधारदाताओं और वित्तीय सस्थानों के पास रखा गया है।
बता दें कि हाल ही में अडानी समूह ने होल्सिम समूह की सीमेंट कंपनियां-एसीसी और अंबुजा सीमेंट के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की है। यह अडानी का सबसे बड़ा अधिग्रहण है। यह देश के इंफ्रास्ट्रक्चर सेग्मेंट में अबतक का सबसे बड़ा विलय एवं अधिग्रहण सौदा है।
इस सौदे के पूरा होने के बाद अडानी की अंबुजा सीमेंट्स में 63.15 प्रतिशत और एसीसी में 56.69 प्रतिशत हिस्सेदारी (अंबुजा सीमेंट्स के जरिये 50.05 प्रतिशत हिस्सेदारी) हो गई है। इस अधिग्रहण का कुल मूल्य 6.50 अरब डॉलर है। अंबुजा सीमेंट्स और एसीसी की स्थापित क्षमता 6.75 करोड़ टन सालाना है।
ये पढ़ें- 52 हफ्ते के बुरे दौर तक पहुंचा Infosys का शेयर, अब दांव लगाने का सही मौका!
कारोबार विस्तार पर जोर: शेयर गिरवी रखने की खबर ऐसे समय में आई है जब कुछ रिपोर्ट में अडानी समूह पर भारी-भरकम कर्ज का दावा किया जा रहा है। वहीं, कुछ रिपोर्ट में इसको लेकर चिंताएं भी जाहिर की जा चुकी हैं। दरअसल, अडानी समूह ग्रीन एनर्जी से लेकर मीडिया तक के नए सेक्टर में विस्तार कर रहा है। वहीं, पहले से जिन सेक्टर में है वहां अधिग्रहण पर जोर दिया जा रहा है।