पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर जो आशंका जताई जा रही थी, वह सच होती दिख रही है। चुनाव के बाद 22 मार्च से लगातार दोनों ईंधनों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश भर के सभी प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो गई हैं।
अप्रैल में 6.6 रुपये बढ़े सीएनजी के दाम
पेट्रोल-डीजल के अलावा बुधवार को वाहनों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी की कीमतों में भी 2.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के साथ राजधानी दिल्ली में एक किलो सीएनजी का दाम 66.61 रुपये हो गया है। एक अप्रैल से अब तक सीएनजी की कीमत 6.6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। जानकारों के अनुसार, इस साल में सीएनजी 11 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
संबंधित खबरें
एटीएफ अब तक 38,902 रुपये किलोलीटर बढ़ा
कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी के बीच विमान ईंधन (एटीएफ) के दाम भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। इस साल में अब तक एटीएफ की कीमतों में सात बार में 38,902.91 रुपये प्रति किलोलीटर की बढ़ोतरी की जा चुकी है। राजधानी दिल्ली में अब इसकी कीमत 1,12,924.83 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।
एलपीजी के दाम में 100 रुपये की वृद्धि
घरेलू रसोई गैस की कीमतों में इस साल 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपये की वृद्धि हुई है। पिछली बार 22 मार्च को इसकी कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग में लाई जाने वाली एलपीजी की कीमत एक अप्रैल को 249.50 रुपये बढ़ाई थी। अब 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत 2,253 रुपये हो गई है। व्यावसायिक एलपीजी की कीमत में इस साल 254.5 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से चारधाम यात्रा हुई महंगी
तेल विपणन कंपनियों ने बुधवार को एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 80 पैसे की बढ़ोतरी की थी। हालांकि आज राहत है। बीते 17 दिनों में कीमतों में 14वीं बार बढ़ोतरी की गई है। बीते 17 दिन में कुल दस रुपये प्रति लीटर या 10 फीसदी से अधिक की वृद्धि की जा चुकी है।
सरकारी तेल कंपनियों की ओर से जारी मूल्य संबंधी अधिसूचना के मुताबिक, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 105.41 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल के दाम 96.67 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में देशभर में वृद्धि की गई है, लेकिन इनके दाम स्थानीय कर के आधार पर अलग-अलग राज्यों में भिन्न हैं।
देश भर के सभी प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो गई हैं। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु और केरल में कई स्थानों पर डीजल 100 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े के पार चला गया है। देश में पेट्रोल की सर्वाधिक कीमत महाराष्ट्र के परभणी में 123.46 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 107.61 रुपये प्रति लीटर की दर के साथ सबसे महंगा है।