ऐप पर पढ़ें
Stock Return: बजाज हिन्दुस्तान शुगर (Bajaj Hindustan Sugar) के शेयरों में आज सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। आज सोमवार के कारोबारी दिन 5 दिसंबर को कंपनी के शेयर 16.30 पर्सेंट की तेजी के साथ 16.05 रुपये पर पहुंच गए। इससे पहले शुक्रवार को भी कंपनी के शेयरों में 20 पर्सेंट की तेजी थी। दरअसल, पेनी स्टॉक (Penny stock) में यह तेजी एक पॉजिटिव खबर के बाद देखने को मिली है। दो कारोबारी दिन में ही यह शेयर लगभग 40% तक का रिटर्न (Stock return) दे दिया है।
जानिए क्या है वजह?
आपको बता दें कि बजाज हिन्दुस्तान शुगर ने कर्जदाताओं को पूरे बकाया का भुगतान कर दिया है। कंपनी ने पिछले सप्ताह अपने एक बयान में कहा था, ‘हमने सभी ऋणदाताओं को टर्म लोन की किस्तों (सितंबर 2022 तक), टर्म लोन के ब्याज (नवंबर 2022 तक) और वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर (ओसीडी) कूपन (वित्त वर्ष 2022 के लिए देय) के लिए पूरे बकाया का भुगतान कर दिया है।’ कंपनी के मुताबिक हमारे खाते में कोई पुराना बकाया नहीं है।
कितना है शेयर का भाव
Bajaj Hindustan Sugar के शेयर का भाव शुक्रवार को 20 प्रतिशत ऊपरी सर्किट लगने के बाद 13.52 रुपये पर बंद हुआ था। इससे पहले गुरुवार को शेयर का भाव 11 रुपये के स्तर पर था। बीते 17 अगस्त को शेयर का भाव 9 रुपये से भी नीचे था, जो 52 वीक का लो लेवल है। वहीं, 22 अप्रैल के दिन शेयर ने 52 वीक के हाई लेवल को छुआ था और इसका भाव 22.58 रुपये था।
कंपनी का कारोबार क्या है?
बता दें कि Bajaj Hindustan Sugar भारत में अग्रणी चीनी और इथेनॉल की निर्माता कंपनी है। इसके 14 शुगर प्लांट की कुल गन्ना पेराई क्षमता 1,36,000 टीसीडी है, छह डिस्टिलरीज में प्रति दिन 800 किलोलीटर औद्योगिक अल्कोहल का उत्पादन करने की कुल क्षमता है। वहीं, 449 मेगावाट की कुल बिजली उत्पादन क्षमता है।